×

West Bengal: भाजपा कार्यकर्ता की मौत पर बवाल, CBI जांच की मांग, गृह मंत्री के पहुंचने की उम्मीद

BJP Worker Death: बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ता का शव मिलने के बाद बवाल हो गया है।

Anshuman Tiwari
Report Anshuman TiwariPublished By Ragini Sinha
Published on: 6 May 2022 8:13 AM GMT
Bjp worker death case in bengal
X

बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की मौत पर बवाल (Social media)

BJP Worker Death Case: राजधानी कोलकाता के काशीपुर इलाके में भाजपा के एक कार्यकर्ता का शव मिलने के बाद बवाल हो गया है। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता का शव फंदे से लटकता मिला है जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ता बिफर गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भाजपा नेताओं ने मांग की है कि इस घटना की सीबीआई जांच की जानी चाहिए ताकि सच्चाई उजागर हो सके।

केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा सांसद सुभाष सरकार ने कहा कि घटना की सीबीआई जांच किया जाना जरूरी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं और शाह को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि परिजनों से मुलाकात करने के लिए गृहमंत्री शाह भी मृतक का घर पर पहुंच सकते हैं। भाजपा की ओर से पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं और ऐसे में इस घटना के बाद नया विवाद पैदा हो गया है।
शाह को दी घटना की जानकारी
भाजपा कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया की मौत के बाद काशीपुर इलाके में तनाव पैदा हो गया है। तनाव के मद्देनजर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं, इलाके के लोगों और मृतक के परिजनों ने पुलिस को शव नहीं ले जाने दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के कई बड़े नेताओं ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। भाजपा नेता प्रियंका टिबरेवाल भी मौके पर पहुंचीं और घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
भाजपा नेता कृपाशंकर चौबे का कहना है कि घटना के संबंध में गृह मंत्री शाह को जानकारी दे दी गई है और उन्होंने घटना पर चिंता जताई है। चौबे ने दावा किया कि गृहमंत्री शाह मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे। शाह के घटनास्थल पर पहुंचने की खबर के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और काफी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
भाजपा-टीएमसी के बीच भिड़ंत की आशंका
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव के बाद से ही पार्टी कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया को धमकी दी जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कई अन्य घटनाओं की तरह चौरसिया को भी निशाना बनाते हुए उनकी हत्या कर दी गई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को घर से निकलने के बाद अर्जुन वापस नहीं लौटा। उन्होंने मांग की है कि शव के पोस्टमार्टम की पूरी वीडियोग्राफी कराई जाए।
घटना के बाद भाजपा व टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत की आशंका पैदा हो गई है। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अफसर पूरे इलाके पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
टीएमसी नेता का विरोध
घटना की जानकारी मिलने के बाद टीएमसी के नेता अतिन घोष भी मौके पर पहुंचे मगर उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रबल विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टीएमसी नेता घोष ने दावा किया है कि मृत कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया ने निकाय चुनावों के दौरान टीएमसी के लिए काम किया था। इस घटना को लेकर भाजपा और टीएमसी नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की आशंका है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story