×

Mamata Banerjee: केंद्र के खिलाफ साझा मोर्चा बनाने की तैयारी में ममता, गैर भाजपाई सीएम को एकजुट करने की कोशिश

Mamata Banerjee: राज्यपाल के खिलाफ ममता सरकार ने मोर्चा खोल रखा है अब इस मुद्दे पर ममता विपक्षी मुख्यमंत्रियों को एकजुट करना चाहती हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Monika
Published on: 14 Feb 2022 7:02 AM GMT
West Bengal Mamata Banerjee
X

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फोटो : सोशल मीडिया ) 

पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) केंद्र सरकार (central government) के खिलाफ साझा मोर्चा बनाने की तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने इस संबंध में विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है ताकि मुख्यमंत्रियों का साझा मोर्चा बनाया जा सके। पश्चिम बंगाल में राज्यपाल जगदीप (Governor Jagdeep) धनखड़ और ममता सरकार (Mamata government) के बीच तनातनी चरम पर पहुंच चुकी है।

राज्यपाल के खिलाफ ममता सरकार ने मोर्चा खोल रखा है मगर अब इस मुद्दे पर ममता विपक्षी मुख्यमंत्रियों को एकजुट करना चाहती हैं। ममता का मकसद साझा मोर्चा बनाकर केंद्र सरकार को घेरना है। वे जल्द ही विपक्षी मुख्यमंत्रियों की एक बैठक आयोजित करने की कोशिश में जुटी हुई है। ममता के इस प्रयास को समर्थन मिलना भी शुरू हो गया है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (फोटो : सोशल मीडिया )

स्टालिन ने दिया ममता को समर्थन

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस संबंध में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (CM MK Stalin) से संपर्क साधा है। स्टालिन ने खुद इस बात का खुलासा किया है कि उनकी फोन पर ममता बनर्जी से बातचीत हुई है और ममता ने विपक्षी मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाने का सुझाव दिया है। स्टालिन ने अपने ट्वीट में यह भी जानकारी दी है कि ममता ने विभिन्न राज्यों में गवर्नरों की ओर से सरकार के कामकाज में अनावश्यक हस्तक्षेप किए जाने पर गुस्सा भी जताया है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में गवर्नर अपने अधिकारों का बेजा इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे सरकार को कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्टालिन ने इस मुद्दे पर ममता को समर्थन का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि राज्यों की स्वायत्तता काफी जरूरी मुद्दा है और इसे बनाए रखा जाना चाहिए। इसीलिए मैंने ममता को समर्थन का भरोसा दिया है। उन्होंने दिल्ली में जल्द ही विपक्षी मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाए जाने की भी जानकारी दी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (फोटो : सोशल मीडिया )

केसीआर से भी ममता की बातचीत

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (CM K Chandrashekhar Rao) ने भी हाल के दिनों में सक्रियता बढ़ाई है। केंद्र के खिलाफ हमलावर रुख अपनाने वाले मुख्यमंत्रियों में केसी आर का नाम भी शामिल है। केसीआर ने भी ममता बनर्जी से फोन पर बातचीत होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ममता बनर्जी ने उन्हें बंगाल आने का न्योता भी दिया है। हालांकि उन्होंने खुद भी हैदराबाद आने की बात कही है। उन्होंने कहा कि ममता का हैदराबाद दौरा जल्द ही हो सकता है। उनके दौरे के समय विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर बातचीत होगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान राव ने जल्द ही मुंबई जाकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की बात कही। राव ने कहा कि सारी बातें फोन पर ही नहीं की जा सकती। इसलिए मैं मुंबई जाकर विभिन्न मुद्दों पर ठाकरे से चर्चा करूंगा। राव ने भाजपा के खिलाफ किसी तरह का मोर्चा बनाए जाने की जानकारी तो नहीं दी मगर इतना जरूर कहा कि यदि कोई मोर्चा बनाया जाता है तो वे इस मोर्चा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राव ने भाजपा और केंद्र के खिलाफ पहले ही मोर्चा खोल रखा है और माना जा रहा है कि ममता ने इसी कारण उनसे भी संपर्क साधा है।

राज्यपाल से ममता का टकराव चरम पर

दरअसल ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ काफी दिनों से मोर्चा खोल रखा है और वे गैर भाजपाई दलों को एकजुट करने की कोशिश में जुटी हुई है। हाल में उन्होंने कहा था कि भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा। 2024 की सियासी जंग के लिए उन्होंने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में राज्यपाल जगदीप धनखड़ के साथ तनातनी बढ़ने के बाद ममता और सक्रिय हो गई हैं।

राज्यपाल धनखड़ ने हाल में विधानसभा के सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया था। टीएमसी ने इसे असंवैधानिक बताते हुए राज्यपाल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पार्टी की ओर से राज्यसभा में राज्यपाल के खिलाफ प्रस्ताव भी पेश किया गया है। अब ममता बनर्जी इस मुद्दे पर विपक्षी मुख्यमंत्रियों का साझा मोर्चा बनाने की तैयारी में जुटी हुई है। उनका मकसद इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरना है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story