×

Patna में बच्चे का सिर काटने वाला हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, भीड़ ने आरोपी को पत्थर मार उतारा...पीट-पीटकर मार डाला

Bihar Crime News: राजधानी पटना के पुनपुन में 12 वर्षीय बच्चे की गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी को लोगों ने बिजली के हाईटेंशन टावर से नीचे उतारकर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस पर भी लोगों का गुस्सा फूटा।

Aman Kumar Singh
Published on: 1 April 2023 7:14 PM GMT (Updated on: 1 April 2023 7:22 PM GMT)
Patna में बच्चे का सिर काटने वाला हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, भीड़ ने आरोपी को पत्थर मार उतारा...पीट-पीटकर मार डाला
X
वारदात के बाद बिजली टावर पर चढ़ा आरोपी (Social Media)

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन में शनिवार (01 अप्रैल) को एक शख्स ने 12 साल के बच्चे की गला काटकर हत्या कर दी। खबर मिलते ही लोगों ने आरोपी को खदेड़ा। आरोपी भागकर बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। वो करीब 4 घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा। इस बीच भीड़ ने टावर पर चढ़े आरोपी को पत्थर मारे। जिससे वह नीचे आ गिरा। गुस्सायी भीड़ ने उस व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन, भीड़ ने बिहार पुलिस को खदेड़ दिया। पुलिस पर जमकर पथराव भी हुआ। घटना में कई पुलिस वाले घायल भी हुए। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। आरोपी की पहचान फ़िलहाल नहीं हो पाई है।

क्या कहा ASP ने?

पटना एएसपी शुभम आर्या (ASP Shubham Arya) ने बताया कि, हमें सूचना प्राप्त हुई थी कि एक बच्चे की गला काटकर हत्या हुई है। हम जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि गांव वालों ने टावर को घेर रखा था। आरोपी टावर पर चढ़ा हुआ था। घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर भी पथराव किया। कई पुलिस वालों को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने बचाव में हवा में गोलियां चलायी।

हालात तनावपूर्ण, ASP-DSP मौके पर

बच्चा पुनपुन थाना क्षेत्र (Punpun Police Station) के अलाउद्दीनचक का रहने वाला था। उसकी पहचान बबन सिंह के बेटे 12 वर्षीय गोलू कुमार के रूप में हुई है। घटनास्थल पर ASP, पालीगंज DSP सहित कई थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। हालांकि, पुलिस के समझाने पर जाम हटा दिया गया। इलाके में हालात संवेदनशील हैं। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटनास्थल पर लोग अभी भी गुस्से में हैं।

आरोपी मचा रहा था उत्पात, पुलिस पर फूटा गुस्सा

स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया कि, उक्त आरोपी शुक्रवार शाम से ही उत्पात मचा रहा था। इससे पहले उसने एक गाड़ी में घुसकर हंगामा किया था। गाड़ी का शीशा तोड़ दिया था। पुलिस को इसकी सूचना दी गई, लेकिन प्रशासन की तरफ से कुछ नहीं किया गया। आज जब बच्चे की हत्या हो गई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story