Amit Shah Bihar Visit: अमित शाह का बिहार दौरा आज, ललन सिंह के गढ़ में गरजेंगे गृहमंत्री, राज्य का सियासी माहौल गरमाया

Amit Shah Bihar Visit: माना जा रहा है कि आज लखीसराय में होने वाली रैली के दौरान शाह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत महागठबंधन में शामिल दलों पर तीखा हमला बोलेंगे।

Anshuman Tiwari
Published on: 29 Jun 2023 2:44 AM GMT
Amit Shah Bihar Visit: अमित शाह का बिहार दौरा आज, ललन सिंह के गढ़ में गरजेंगे गृहमंत्री, राज्य का सियासी माहौल गरमाया
X
Amit Shah Bihar Visit (photo: social media )

Amit Shah Bihar Visit: पटना में विपक्षी दलों की महाबैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पहली बार बिहार के दौरे पर पहुंच रहे हैं। 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक के दिन शाह ने बड़ा हमला करते हुए बैठक को महज फोटो सेशन बताया था। माना जा रहा है कि आज लखीसराय में होने वाली रैली के दौरान शाह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत महागठबंधन में शामिल दलों पर तीखा हमला बोलेंगे। लखीसराय मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है जो जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का गढ़ माना जाता है।

भाजपा की ओर से इस रैली की जोरदार तैयारियां की गई है और अमित शाह की इस बहुप्रतीक्षित रैली पर सबकी निगाहें लगी हुई है। इसके साथ ही भाजपा बिहार में एनडीए का कुनबा मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के एनडीए में शामिल होने के बाद कई और दलों के एनडीए में शामिल होने की संभावना है मगर इस बाबत ऐलान में विलंब होता जा रहा है।

ललन सिंह के गढ़ में होगी शाह की रैली

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार पर विशेष फोकस कर रखा है। बिहार में अगले लोकसभा चुनाव के दौरान वे नीतीश कुमार से हिसाब चुकाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अमित शाह आज लखीसराय में बड़ी रैली करेंगे जो कि बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा की सीट है। लोकसभा के हिसाब से देखा जाए तो यह विधानसभा क्षेत्र मुंगेर में आता है जिसके सांसद जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह हैं।

ललन सिंह हाल के दिनों में अपने क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं और मीट-भात महाभोज का आयोजन कर चुके हैं। भाजपा ने इस महाभोज को लेकर ललन सिंह पर हमला भी किया था। मुंगेर लोकसभा सीट पर अभी तक बीजेपी के सहयोगी दल चुनाव लड़ते रहे हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि अब भाजपा यहां से अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। भाजपा की ओर से जदयू को बड़ी सियासी चोट देने की कोशिश की जा रही है।

अमित शाह का आज का कार्यक्रम

शाह का आज सुबह लखीसराय पहुंचने का कार्यक्रम है। अशोक धाम मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद गृहमंत्री शाह सूर्यगढ़ा गांधी मैदान पहुंचेंगे। भाजपा की ओर से यहां विशाल जनसभा आयोजित करने की तैयारी है। जनसभा के बाद शाह विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा के आवास पर पहुंचेंगे।

सिन्हा के घर पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान अगले लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति पर गहराई से मंथन किया जाएगा। अमित शाह के दौरे के मद्देनजर लखीसराय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मुंगेर लोकसभा सीट का इतिहास

भाजपा ने देश भर में ऐसी लोकसभा सीटों की सूची तैयार की है जिन पर पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है या जिन पर पार्टी को कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ सकता है। मुंगेर लोकसभा सीट भी ऐसी सीटों में शामिल है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि ऐसी सीटों पर पार्टी की ओर से विशेष रणनीति तैयार की गई है। गृह मंत्री शाह का दौरा भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

यदि मुंगेर लोकसभा सीट के इतिहास को देखा जाए तो 2004 के लोकसभा चुनाव के दौरान राजद ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। 2009 के लोकसभा चुनाव में एनडीए में शामिल जेडीयू के ललन सिंह को इस सीट पर जीत हासिल हुई थी। 2014 में जदयू के एनडीए से अलग रहने के दौरान ललन सिंह ने यहां भाजपा के सहयोगी दल लोजपा की उम्मीदवार वीणा देवी को चुनाव हरा दिया था। 2019 के चुनाव के दौरान एनडीए में शामिल जेडीयू प्रत्याशी ललन सिंह को फिर जीत हासिल हुई थी। अब जेडीयू एनडीए से अलग हो चुकी है और ऐसे में भाजपा ललन सिंह को घेरने में जुटी हुई है।

एनडीए का कुनबा बढ़ाने की कोशिश

भाजपा बिहार में एनडीए का कुनबा मजबूत बनाने की कोशिश में भी जुटी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हम एनडीए में शामिल हो चुकी है मगर अभी कई दलों का एनडीए के साथ आना बाकी है। मौजूदा समय में पशुपति पारस की रालोसपा और हम ही एनडीए का हिस्सा है जबकि चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और मुकेश सहनी के भी जल्द एनडीए से हाथ मिलाने की संभावना जताई जा रही है।

सियासी जानकारों का कहना है कि इन तीनों दलों के जल्द ही एनडीए में शामिल होने का ऐलान किया जा सकता है। इन तीनों नेताओं को शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बुलावे का इंतजार है और देखने वाली बात यह होगी कि यह इंतजार कब पूरा होता है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story