×

Bihar News: बेगूसराय में 'अनोखा एनकाउंटर', शार्प शूटर्स के अचूक निशानों से दर्जनभर आदमखोर कुत्ते ढ़ेर

Bihar News: बिहार के बेगूसराय में शार्प शूटर्स ने दर्जनभर आदमखोर कुत्तों का सफाया किया। इन कुत्तों ने करीब 10 महिलाओं को मार डाला था, जबकि कई को जख्मी किया।

aman
Written By aman
Published on: 24 Dec 2022 10:21 AM GMT
Bihar News: बेगूसराय में अनोखा एनकाउंटर, शार्प शूटर्स के अचूक निशानों से दर्जनभर आदमखोर कुत्ते ढ़ेर
X

Dogs Encounter in Begusarai: अब तक आपने आदमखोर जंगली जानवरों के शिकार या मारे जाने की ख़बरें सुनी होंगी। लेकिन, क्या कभी आदमखोर कुत्तों के एन्काउंटर के बारे में सुना है। बिहार के बेगूसराय जिले में ऐसे कुत्तों को मौत के घाट उतारा गया है। बताया जा रहा है इन कुत्तों ने जिले के कई लोगों को काट लिया था। आदमखोर कुत्तों के हमले में अब तक 10 महिलाओं की जान जा चुकी है। उन्हें मारने के लिए शार्प शूटर बुलाए गए थे।

ठंड बढ़ते ही बिहार के बेगूसराय में आवारा कुत्ते आदमखोर हो गए। इन कुत्तों के हमले में अब तक 10 महिलाओं की मौत हो चुकी है। जबकि कई अन्य घायल हैं। आदमखोर कुत्ते जिला प्रशासन के लिए सिरदर्द हो चुके थे। जिसके बाद बड़े कदम की तैयारी की गई। आखिरकार, इन्हें मार गिराने का फैसला लिया गया। जिसके लिए पटना से शार्प शूटर्स को बुलाया गया।

जिले में डर का माहौल

राजधानी पटना से आए शार्प शूटर्स ने आदमखोर कुत्तों का शिकार किया। इन शूटर्स ने खेतों में खदेड़कर उन्हें मौत की नींद सुला दी। जिले में कुत्तों के हमले में 10 महिलाओं की मौत ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया था। लोग घरों में दुबकने को विवश थे। दिसंबर महीने में आदमखोर कुत्तों के हमले में 4 महिलाओं की मौत हो चुकी थी। थक-हारकर जिला प्रशासन ने इन कुत्तों को मारने के आदेश जारी किए। शार्प शूटर्स की मदद से अब तक 12 कुत्तों को मार गिराया गया।


बछवाड़ा ब्लॉक के कई पंचायतों में हर हमले

आदमखोर कुत्तों के हमले के सबसे ज्यादा मामले बछवारा ब्लॉक से आए। बछवाड़ा प्रखंड के करीब आधा दर्जन पंचायतों में बीते 10 महीने से कुत्तों का आतंक चरम पर रहा। कुत्ते आए दिन महिलाओं और बच्चों को अपना शिकार बनाने लगे। इन हमलों में अब तक करीब 10 महिलाओं की मौत हो गई। कुत्तों ने सबसे ज्यादा शिकार सुनसान और चौर इलाके में किया। ऐसी जगहों पर इंसान को नोच-नोच कर मार डाला। बछवाड़ा ब्लॉक के कई पंचायतों से इस तरह की ख़बरें आम थी कि जब लोग काम के लिए घर से निकलते, कुत्ते उन पर हमला बोल देते। इन कुत्तों ने दर्जनभर लोगों को काट कर गंभीर जख्मी भी किया।

100 मीटर की दूरी से लगाया अचूक निशाना

लोगों की लगातार शिकायत के बाद बेगूसराय जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। राजधानी पटना से वन एवं पर्यावरण विभाग के शूटर्स भेजे गए। शूटर शक्ति कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने बेगूसराय पहुंच काम को अंजाम दिया। बछवाड़ा ब्लॉक के कदराबाद, अरवा तथा बछवाड़ा गांव के बहियार में दर्जन भर आदमखोर कुत्तों को गोली मार दी। इन शूटर्स का निशाना अचूक था। 100 मीटर की दूरी से निशाना लगाकर आदमखोर कुत्तों को मार गिराया। इस दौरान ग्रामीणों ने भी टीम की मदद की।

कुत्तों के खात्मे पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि हर रोज हमले का डर सताता रहता था। जिला प्रशासन के आदेश से इन कुत्तों को मारा गया। हमें बेहद खुशी मिली है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story