×

बिहार महागठबंधन में टकराव, RJD ने दो सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, नाराज कांग्रेस भी चुनाव लड़ने में जुटी

Bihar Mahagathbandhan News: बिहार में विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर विपक्षी महागठबंधन में घमासान शुरू हो गया है। RJD ने इन दोनों सीटों पर पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है जिससे कांग्रेस में काफी नाराजगी दिख रही है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shreya
Published on: 4 Oct 2021 3:48 AM GMT (Updated on: 4 Oct 2021 5:13 AM GMT)
बिहार महागठबंधन में टकराव, राजद ने दो सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, नाराज कांग्रेस भी चुनाव लड़ने में जुटी
X

राहुल गांधी, लालू प्रसाद यादव (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Bihar Mahagathbandhan News: बिहार में विधानसभा की दो सीटों (Bihar Vidhan Sabha Seat) पर होने वाले उपचुनाव को लेकर विपक्षी महागठबंधन (Mahagathbandhan) में घमासान शुरू हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इन दोनों सीटों पर पार्टी के प्रत्याशियों की घोषणा (Candidates Ki Ghoshna) कर दी है जिससे कांग्रेस (Congress) में काफी नाराजगी दिख रही है। प्रत्याशियों की घोषणा के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का भी कांग्रेस की ओर से बहिष्कार किया गया। राजद सूत्रों का कहना है कि पार्टी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) का ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद इन दोनों प्रत्याशियों की घोषणा की गई है।

इनमें से एक सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी (Congress Candidate) दूसरे नंबर पर रहा था। इसलिए कांग्रेस की नजर इस सीट पर लगी हुई थी। कांग्रेस की ओर से पत्ते खोले जाने से पहले ही राजद ने अपने दोनों प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया, जिसे लेकर राजद और कांग्रेस के बीच टकराव पैदा हो गया है। उधर पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी के मुखिया जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) ने कहा है कि इस प्रकरण से साफ है कि राजद ने कांग्रेस को उसकी हैसियत बता दी है। इसलिए कांग्रेस को भी अब बड़ा फैसला लेना होगा।

लालू यादव- जगदानंद सिंह (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

लालू की मंजूरी से तय किए नाम

चुनाव आयोग (Chunaav Ayog) की ओर से हाल ही में तीन लोकसभा सीटों और विभिन्न राज्यों की 30 विधानसभा सीटों पर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इस घोषणा के मुताबिक बिहार में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव (Bihar By-Polls) होने हैं। ये उपचुनाव दरभंगा जिले की कुशेश्वर स्थान और मुंगेर जिला की तारापुर विधानसभा सीटों पर होने हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद राजद ने इन दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है।

कुशेश्वर स्थान से गणेश भारती और तारापुर सीट से अरुण कुमार साह को चुनाव मैदान में उतारा गया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के दोनों प्रत्याशियों के नाम का एलान किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के वरिष्ठ नेता आलोक मेहता और मृत्युंजय तिवारी भी मौजूद थे। इस मौके पर जगदानंद सिंह ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मंजूरी के बाद इन दोनों प्रत्याशियों के नाम तय किए गए हैं।

राहुल गांधी (कॉन्सेप्ट फोटो साभार- सोशल मीडिया)

इस सीट पर टिकी है कांग्रेस की नजर

राजद की ओर से कांग्रेस की रजामंदी के बिना दोनों प्रत्याशियों की एकतरफा घोषणा किए जाने के बाद दोनों पार्टियों में टकराव होता दिख रहा है। जिन दो सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, वे दोनों सीटें जदयू की थी। दोनों सीटों पर जदयू के विजयी प्रत्याशियों के निधन के कारण उपचुनाव कराए जा रहे हैं। तारापुर विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में राजद प्रत्याशी दूसरे नंबर पर था। अब इस सीट पर राजद की ओर से अरुण कुमार साह को टिकट दिया गया है।

दरभंगा जिला की कुशेश्वर स्थान सीट पर पिछले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को दूसरा स्थान मिला था। इसलिए कांग्रेस की नजर इस सीट पर टिकी हुई थी मगर राजद ने इस सीट पर भी दावेदारी ठोक दी। राजद की ओर से दावेदारी ही नहीं ठोकी गई बल्कि गणेश भारती का नाम प्रत्याशी के रूप में घोषित कर दिया गया। राजद के इस एकतरफा फैसले से कांग्रेस काफी नाराज है। जानकार सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ओर से भी इस सीट पर प्रत्याशी उतारा जा सकता है। ऐसे में दोनों दलों के बीच इस विधानसभा सीट को लेकर घमासान तेज हो गया है।

भक्त चरण दास (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया)

आज घोषित हो सकता है कांग्रेस प्रत्याशी

सियासी जानकारों का कहना है कि कांग्रेस की नाराजगी इस बात से भी समझी जा सकती है कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस का कोई नेता नहीं पहुंचा। जानकारों के मुताबिक कांग्रेस को राजद की मंशा के पहले से ही जानकारी थी। इसीलिए कांग्रेस नेताओं ने इस कांफ्रेंस का बहिष्कार किया। कांग्रेस में भीतर ही भीतर पार्टी का प्रत्याशी उतारने की तैयारी भी चल रही है। कांग्रेस नेताओं को इस मामले में पार्टी के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास के पटना पहुंचने का इंतजार है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का कहना है कि पूरे मामले से पार्टी हाईकमान को अवगत करा दिया गया है। आलाकमान के फैसले के आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। दूसरी ओर बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक राम ने राजद पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने राजद की ओर से दोनों सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा को एकतरफा बताते हुए कहा कि कांग्रेस भी इस संबंध में जल्द ही बड़ा फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार को कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी के नाम का एलान किया जा सकता है।

जीतन राम मांझी (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

राजद से गठबंधन तोड़े कांग्रेस

इस बीच हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि इस प्रकरण में राजद ने कांग्रेस को उसकी हैसियत बता दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अब इसी में भलाई है कि वह राजद के साथ अपना गठबंधन तोड़ दे। गठबंधन तोड़कर ही कांग्रेस अपनी इज्जत बचा सकती है। उन्होंने कहा कि राजद के साथ हाथ मिलाकर कोई भी पार्टी नहीं चल सकती। इसलिए कांग्रेस को विपक्षी महागठबंधन में रहने के संबंध में कोई फैसला लेना ही होगा।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story