×

Bihar news: नीतीश ने 10459 पुलिसकर्मियों को दिया ज्वाइनिंग लेटर, महिला सिपाहियों के लिए चौराहों पर बनेंगे शौचालय

Bihar news: इस बार सबसे अधिक 10,459 पुलिसकर्मियों को नियुक्त पत्र दिया गया। इसमें 8246 सिपाही और 2213 अवर निरीक्षक शामिल हैं। इसके लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Network
Newstrack Network
Published on: 16 Nov 2022 1:40 PM GMT (Updated on: 16 Nov 2022 2:23 PM GMT)
Bihar news CM Nitish Kumar gave joining letter to policeman
X

Bihar news CM Nitish Kumar gave joining letter to policeman (Social Media)

Bihar news: बिहार सरकार ने एक बार फिर से आज नियुक्ति पत्र का वितरण किया। इस बार सबसे अधिक 10,459 पुलिसकर्मियों को नियुक्त पत्र दिया गया। इसमें 8246 सिपाही और 2213 अवर निरीक्षक शामिल हैं। इसके लिए बुधवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन्हें नियुक्ति पत्र दिया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव और वित्त मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद मौजूद थे।

पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन की सरकार की पहली प्राथमिकता बिहार में कानून का राज बनाये रखना है। हमने पहले ही कहा था कि एक लाख की आबादी पर 115 पुलिस होनी चाहिए। तब हमने तय कराया कि जब मीटिंग करते थे तो और लोगों को बहाल कीजिये। अब भी एक लाख 8 हजार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से कहा कि हर हाल में क्राइम कंट्रोल करना है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलिंग पर और फोकस करना है। जब हम लॉ एंड ऑर्डर की मीटिंग करते हैं तो पेट्रोलिंग पर पूछते हैं। काम करिए। जरूरत पड़ी तो पेट्रोलिंग के लिए थानों को और गाड़ी मिलेगी। हर थाना में बढ़िया इंतजाम रखना है। बढ़िया थाना बनवा रहे हैं तो उसे मेंटेन रखना है।

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि अब हम सबलोग मिलकर काम करेंगे। जो लोग जंगल राज कहते हैं, सुन लें कि जो लोग गड़बड़ करेंगे, उसे छोड़ना नहीं है। धर्म-जाति से बड़ा देश है। भाईचारा और शांति है। इसे बनाये रखने की जिम्मेदारी है। उसे आपको करना है।

अधिकारियों को निर्देश देते हुए तेजस्वी यादव चौराहा पर काम करने वाली महिला सिपाहियों के लिए शौचालय बनाने के लिए अधिकारियों को कहा है। आप लोग मेरिट से आए हैं। बिहार में हमारी सरकार कमिटमेंट को पूरा करने में लगे हैं।

बता दें कि बिहार सरकार लगातार नियुक्ति पत्र बांट रही है। इससे पहले भी सोमवार को हजार कर्मियों को जल संसाधन विभाग की ओर से नियुक्त पत्र बांटे गए थे। आज फिर तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार लगातार रोजगार बांट रही है। आगे भी लोगों को रोजगार देने का काम करेगी।

सुशील मोदी बोले- बाजीगरी दिखा रहे नीतीश कुमार

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार के समय उर्दू शिक्षक से लेकर दरोगा-सिपाही तक, जिन 10 हजार से ज्यादा लोगों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, उन्हीं को दोबारा नियुक्ति पत्र बाँटने की बाजीगरी से नीतीश कुमार बेरोजगारों की आँख में धूल झोंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाँधी मैदान में कभी गिलास से रुमाल और खाली बर्तन से कबूतर निकालने की बाजीगरी दिखाने वाले मजमा लगाते थे, आज वहीं नीतीश कुमार फूँक मार कर हजारों नियुक्ति पत्र निकाल दे रहे हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि बुधवार को जिन 10,459 लोगों को दरोगा-सिपाही के पद पर नियुक्ति पत्र दिये गए, उन्हें एक साल पहले जनवरी में ही संबंधित जोन के एसपी-डीआइजी नियुक्ति पत्र दे चुके हैं और उनका प्रशिक्षण भी चल रहा है। इन नियुक्तियों के लिए विज्ञापन 2019 में प्रकाशित हुआ था। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के लोग जब बिना प्रशिक्षण पूरा किये पूरी वर्दी नहीं पहन सकते, तब नियुक्ति पत्र लेते समय वे वर्दी में कैसे दिखे? यह पहली बार हुआ।

सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार अब यूपीए सरकार के मुख्यमंत्री हैं , लेकिन सारा लोकलाज छोड़ कर वे पिछली एनडीए सरकार के समय हुई नियुक्तियों की चिट्ठी बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और तेजस्वी प्रसाद यादव को उन नियुक्तियों के पत्र बाँट कर श्रेय लेने का कोई नैतिक अधिकार नहीं, जिनकी प्रक्रिया 9 अगस्त को सरकार बदलने से पहले शुरू हो चुकी थी।

राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि महागठबंधन सरकार की पहली कैबिनेट में पहले दस्तखत से 10 लाख युवाओं को "स्थायी नौकरी" देने का जो वादा किया गया था, उसका समय तो अभी तक शुरू ही नहीं हुआ। क्या वे कैबिनेट की सौ बैठकों के बाद गिनती शुरू करेंगे?

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story