TRENDING TAGS :
Bihar: अंधविश्वास के चक्कर में गोली मारकर ले ली जान, ओझा ने कटोरा घुमाकर बताया था चोर
नवादा जिले के वारिसलीगंज के झौर गांव में अंधविश्वास के चक्कर एक व्यक्ति की जान चली गई। दरअसल, ओझा ने कटोरा घुमाकर विद्या तांती पर चोरी का आरोप लगाया था।
Bihar News
Bihar News : 21वीं शताब्दी में जहां इंसान चांद-सितारों पर कदम रख रहा है, वहीं देश-दुनिया के कई हिस्से अब भी तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और अन्धविश्वास से गिरा हुआ है। हद तो तब हो जाती है जब इस चक्कर में लोगों की जान तक चली जाती है। ऐसा ही ताजा मामला बिहार से आया है। जहां तंत्र-मंत्र और ओझा के चक्कर में एक शख्स की जान चली गई।
बिहार (Bihar) के नवादा जिले (Nawada District) के वारिसलीगंज के झौर गांव (Jhor Village Of Warisaliganj) से एक ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। यहां एक कटोरे को चलते हुए दिखाया गया। इस अंधविश्वास का अंजाम ये हुआ कि रविवार (24 जुलाई 2022) को एक युवक की हत्या कर दी गई।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, बीते 10 जुलाई की रात झौर गांव के भुटाली महतो के घर चोरी हुई थी। भुटाली महतो ने चोर का पता लगाने के लिए भनैनी गांव निवासी पचन दास नामक एक ओझा को बुलाया। इसके बाद ओझा ने तंत्र-मंत्र के जरिए 19 जुलाई को कटोरे को उड़ते हुए दिखाया। इसके बाद गांव के ही विद्या तांती पर चोरी का आरोप लगा।
जमकर गोलीबारी और मारपीट
इसके बाद, भुटाली महतो और उसके साथ विद्या तांती के घर गए। उन लोगों ने विद्या तांती पर 4 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। रविवार (24 जुलाई 2022) को विद्या तांती ने जुर्माना देने से मना कर दिया और कहा कि, उसने चोरी नहीं की है। उसने अंधविश्वास के चक्कर में पड़कर झूठा इल्जाम लगाने की भी बात कही। इतना सुनते ही भुटाली महतो अपने समर्थकों के साथ उस पर टूट पड़ा। विद्या तांती को बेरहमी से मारा-पीटा गया। आरोप है कि भुटाली महलो के पक्ष की ओर से गोलीबारी भी हुई। इसमें विद्या महतो समेत 8 लोगों को गोली लग गई। सभी को अस्पताल ले जाया गया। इधर, अस्पताल में विद्या तांती की मौत हो गई।