×

Bihar News: पत्नी की हत्या के बाद युवक ने अपने ऊपर छिड़का एसिड, दो माह पहले ही हुए थे हाथ पीले

Bihar News: शहर के एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान नवविवाहिता ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मायके वालों के आरोप पर विवाहिता के पति को हिरासत में ले लिया गया है।

Network
Newstrack Network
Published on: 4 Aug 2022 2:51 PM GMT
bihar news newlywed murdered by drinking acid in begusarai
X

मृतका अंजलि पति के साथ (फाइल फोटो) 

Bihar News : बिहार के बेगूसराय जिले में नव विवाहिता को दहेज के लिए मार देने का मामला सामने आया है। घटना जिले के मंझौल ओपी क्षेत्र के मंझौल गांव की है। मृतका अंजली कुमारी (21 वर्ष) मंझौल गांव के रहने वाले वाल्मीकि साहनी की पत्नी थी। मायके वालों का आरोप है कि पति और सास ने एसिड पिलाकर हत्या कर दी। मौत की खबर मिलते ही ससुराल वाले घर से फरार बताए जा रहे हैं।

वहीं, शहर के एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान गुरुवार को नवविवाहिता ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मायके वालों के आरोप पर विवाहिता के पति को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

क्या है मामला?

मृतका के परिजन बिट्टू कुमार ने बताया कि, अंजलि की दो माह पहले मंझौल- 3 पंचायत निवासी वाल्मीकि साहनी के साथ शादी हुई थी। 28 जुलाई को किसी बात पर अंजली की उसके पति ने पिटाई कर दी। इससे अंजली परेशान थी। आरोप है कि बाद घर में मां के उकसाने पर वाल्मीकि साहनी ने पत्नी अंजली को एसिड पिला दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गई। उसके बाद गुस्से में वाल्मीकि शरीर पर भी एसिड छिड़क लिया। इस दौरान वह भी झुलसकर जख्मी हो गया। आनन-फानन में अंजलि को मंझौल स्थित लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल ने नहीं दी पुलिस को जानकारी

लाइफ केयर अस्पताल वालों ने मंझौल ओपी पुलिस को इसकी सूचना तक नहीं दी। चोरी-छिपे इलाज जारी रहा। स्थिति गंभीर होने और पीड़ित के परिजनों से आर्थिक दोहन के बाद झुलसी अंजलि को बेहतर इलाज के लिए शहर के एक निजी क्लिनिक में रेफर कर दिया गया। जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पति ने कबूला, की थी पिटाई

आरोपित पति वाल्मीकि साहनी ने कबूल किया कि उसने पत्नी की पिटाई की थी। उसने बताया कि गुस्से में उसने एसिड का बोतल पत्नी के सिर पर फोड़ दिया था। जिससे वह झुलस गई। उसके बाद वह बेहोश हो गया। उसे अस्पताल में होश आया। तब पत्नी को भी अस्पताल में ही झुलसा देखा।

2 लाख रुपए की मांग कर रहे थे ससुराल वाले

मृतका के परिजन बिट्टू कुमार ने बताया, कि दो लाख रुपए की मांग अंजलि के पति और मां एवं भोला साहनी की पत्नी जो रिश्ते में मामी हैं, के द्वारा की जा रही थी। दो लाख रुपए दहेज नहीं देने पर अंजली को एसिड पिलाकर मार दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story