×

Bihar Politics: तेजप्रताप के बयान से गरमाई बिहार की सियासत, बड़े सियासी उलटफेर की अटकलें

Bihar Politics: तेज प्रताप यादव का कहना है कि हम बिहार में सरकार बनाएंगे और इस बाबत हमारी नीतीश कुमार से सीक्रेट बातचीत हुई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Vidushi Mishra
Published on: 23 April 2022 3:45 AM GMT
tej pratap yadav
X

तेज प्रताप यादव (फोटो-सोशल मीडिया)

Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल की ओर से शुक्रवार को आयोजित इफ्तार पार्टी के बाद बिहार में बड़े सियासी भूचाल की अटकलें लगाई जा रही हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी के आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में पहुंचना बड़े सियासी उलटफेर का संकेत माना जा रहा है। इफ्तार पार्टी के बाद राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के बयान ने राज्य की सियासत गरमा दी है।

तेज प्रताप यादव का कहना है कि हम बिहार में सरकार बनाएंगे और इस बाबत हमारी नीतीश कुमार से सीक्रेट बातचीत हुई है। हालांकि अभी तक नीतीश कुमार की ओर से इस इफ्तार पार्टी के संबंध में कोई बयान नहीं दिया गया है मगर सोशल मीडिया पर भी सियासी उलटफेर को लेकर अटकलों का बाजार गरम हो गया है।

इफ्तार पार्टी के बाद गरमाई बिहार की सियासत

बिहार में 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ने राजद के साथ गठबंधन किया था मगर उनका यह गठबंधन लंबे समय तक नहीं चल सका। राजद के साथ रिश्ते में खटास आने के बाद नीतीश ने एक बार फिर एनडीए में वापसी कर ली थी। नीतीश ने पिछला विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन में रहकर ही लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में जदयू अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका था।

हाल के दिनों में भाजपा की आक्रामक रणनीति के चलते नीतीश कुमार खुलकर फैसले भी नहीं ले पा रहे हैं। राजद के साथ रिश्तो में खटास आने के बाद शुक्रवार को नीतीश कुमार पहली बार राबड़ी के आवास पर पहुंचे थे। राबड़ी का आवास उनके आवास के पास ही स्थित है और वे इफ्तार पार्टी में हिस्सा लेने के लिए पैदल ही राबड़ी के आवास पर पहुंचे थे। इस इफ्तार पार्टी ने बिहार की सियासत में नई सियासी अटकलों को जन्म दिया है।

तेज प्रताप का सरकार बनाने का दावा

राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप के बयान ने सियासत को और गरमा दिया है। इफ्तार पार्टी के दौरान नीतीश कुमार के साथ तेज प्रताप और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव बैठे हुए थे। पार्टी के दौरान नीतीश कुमार लालू के दोनों बेटों के साथ बातचीत करते हुए दिखे। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, लालू की बेटी मीसा भारती और लालू परिवार के अन्य सदस्य भी नीतीश कुमार के आसपास ही दिखे।

इफ्तार पार्टी के बाद तेज प्रताप ने कहा कि हम जल्द बिहार में सरकार बनाएंगे और हमारी इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीक्रेट बातचीत भी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के लिए पहले हमने नो एंट्री का बोर्ड लगा रखा था मगर अब हमने एंट्री खोल दी है। जब वे हमारे यहां आए हैं तो सरकार भी हमारी ही बनेगी। तेज प्रताप के इस बयान ने बिहार की सियासत के एक बार फिर पलटी मारने का बड़ा संकेत दिया है। हालांकि नीतीश कुमार या जदयू के किसी दूसरे बड़े नेता ने अभी तक इस बाबत कोई टिप्पणी नहीं की है।

मीसा भारती का बयान भी बड़ा संकेत

इफ्तार पार्टी के दौरान एक और नजारे ने लोगों को हैरान कर दिया। लोजपा संस्थापक रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान लंबे समय से नीतीश कुमार पर हमला करते रहे हैं मगर इफ्तार पार्टी के दौरान उन्होंने नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। लालू यादव के परिजनों और चिराग पासवान के साथ नीतीश की बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर भी अटकलों का बाजार गरम हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे बिहार में बड़े राजनीतिक उलटफेर का संकेत बता रहे हैं।

लालू प्रसाद यादव की बेटी और राज्यसभा सदस्य मीसा भारती का भी कहना है कि राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति में भविष्य के बारे में कोई भी अनुमान लगा पाना मुश्किल है। कभी भी कुछ भी हो सकता है। अब लालू प्रसाद के बड़े बेटे और उनकी बेटी के बयानों के सियासी मायने खोजे जा रहे हैं।

सियासत के माहिर खिलाड़ी हैं नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सियासत का माहिर खिलाड़ी माना जाता है और इसी वजह से वे लंबे समय से बिहार के मुख्यमंत्री पद पर काबिज हैं। उनकी राजनीतिक चालों को उनके साथ रहने वाले लोग भी नहीं भांप पाते। राजद के साथ हाथ मिलाना और फिर एक झटके में राजद को छोड़कर भाजपा के समर्थन से सरकार बना लेना, उनकी सियासी महारत का बड़ा नमूना माना जाता रहा है।

अब बिहार के सियासी हलकों में नीतीश की अगली राजनीतिक चाल का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। शुक्रवार की राजद की इफ्तार पार्टी ने बिहार में नई सियासी अटकलों को जन्म दिया है और आने वाले दिनों में इसके नतीजे दिखाई पड़ सकते हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story