×

Mission 2024 : BJP का नीतीश कुमार पर हमला, कहा- चुनाव बाद आश्रम चले जाएंगे बिहार के मुख्यमंत्री

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा 2024 के बाद नीतीश जी के पास आश्रम में धूनी रमाने के अलावा कोई अन्य काम नहीं बचने वाला।

Network
Newstrack Network
Published on: 22 Sep 2022 10:50 AM GMT
BJP State President Dr Sanjay Jaiswal
X

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जैसवाल

2024 Election : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने आश्रम प्रकरण पर आज कहा कि शिवानंद तिवारी जी ने नीतीश जी के भविष्य को लेकर राजद के प्लान का खुलासा कर दिया है। राजद-जदयू के आपसी 'प्रेम और वफ़ादारी' का 'इतिहास' देखते हुए यह तय है कि 2024 के बाद नीतीश जी के पास आश्रम में धूनी रमाने के अलावा कोई अन्य काम नहीं बचने वाला।

बहरहाल नीतीश जी के आश्रम निर्माण में राजद साथ दे या न दे, भाजपा 2025 में दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में आने के बाद भी उनके आश्रम का ख्याल पूर्ण रूप से रखेगी। उन्होंने कहा कि पीएम बनने के फेर में नीतीश जी भले ही राजद-कांग्रेस के समक्ष घुटने टेक चुके हों, लेकिन इसने उनके कार्यकर्ताओं को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।

दशकों तक राजद की लाठी और गाली खा-खाकर संघर्ष करने वाले उनके कार्यकर्ताओं को आज अपने नेतृत्व पर लज्जा आ रही होगी। जदयू के जमीनी कार्यकर्ताओं को आज जनता के सामने जाने मे भी शर्म आ रही होगी। उसपर से नीतीश जी ने तेजस्वी को उत्तराधिकारी मान कर जिस तरह से राजद में विलय के संकेत दिए हैं, उससे उनके कार्यकर्ताओं के साथ हमारी पूरी सहानुभूति है।

डॉ जायसवाल ने कहा कि पीएम बनने के लिए नीतीश जी भले ही अपनी 'अंतरात्मा' को मार चुके हैं, लेकिन उनके अधिकांश नेताओं का 'आत्मसम्मान' अभी भी जिंदा है। इनका जमीर कभी भी तेजस्वी को अपना नेता नहीं मान सकता। जदयू के ऐसे सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को हमारा निमंत्रण है कि कल पूर्णिया में आयोजित माननीय गृहमंत्री अमित शाह जी की विशाल जनसभा में अवश्य आएं। भाजपा विचारधारा पर बनी हुई और कार्यकर्ताओं की पार्टी है। दशकों तक कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के कारण जदयू के कार्यकर्ताओं का दर्द हमसे बेहतर कोई और नहीं समझ सकता। इस जनसभा में उन सभी का मान-सम्मान पहले के समान ही बरकरार रहेगा।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story