Bihar News: बिहार में 28 दिसबंर से भारत जोड़ो यात्रा, जयराम रमेश बोले- देश में सामाजिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा

Bihar News Today: बिहार में 28 दिसंबर से बांका जिले से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होगी। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

Network
Newstrack Network
Published on: 13 Nov 2022 12:56 PM GMT
Bihar News In Hindi
X

जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह पहुंचे पटना

Bihar News: बिहार में अगले महीने के अंतिम सप्ताह से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत होगी। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 28 दिसंबर से बांका जिले से इसकी शुरुआत होगी। बांका से भागलपुर, नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना होते हुए बोधगया तक जाएगी। लगभग 1200 किलोमीटर तक ये यात्रा निकाली जाएगी।

जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह पहुंचे पटना

इसी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज पटना पहुंचे। सदाकत आश्रम जिसे कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के नाम से जाना जाता है। वहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत जोड़ो यात्रा की जानकारी दी गई और कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। जयराम रमेश ने कहा कि देश में सामाजिक ध्रुवीकरण को जाति, धर्म और भाषा के नाम पर बढ़ावा दिया जा रहा है। राजनीतिक तानाशाही एक हकीकत है। ये वन नेशन वन पार्टी, वन पार्टी वन लीडर हो गया है। सारी ताकत एक व्यक्ति तक केंद्रित हो गई है। इन्हें समाप्त करने के लिए ये यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश और गुजरात को छोड़कर चार दक्षिण भारत यात्रा में घूम रहे हैं। क्योंकि अभी भारत जोड़ो यात्रा इन्हीं चार राज्यों से होकर गुजरी है। ये साफ दर्शाता है कि भारत जोड़ो यात्रा का असर प्रधानमंत्री पर पड़ा है।

भारत जोड़ो यात्रा का असर भी अब दिखने लगा है: जयराम रमेश

रविवार को जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह ने पटना के सदाकत आश्रम में प्रेस कांफ्रेंस से पहले कार्यकर्ताओं के साथ इस यात्रा पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि बिहार की भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश नेतृत्व के सभी नेता तो शामिल होंगे ही, इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी आएंगे। हालांकि इस बिहार में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे। वहीं मीडिया को सम्बोधित करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का असर भी अब दिखने लगा है। कांग्रेस की मुख्य भारत जोड़ो यात्रा लगभग 55 फीसद तक की दूरी तय कर ली है। 67 दिनों में ये यात्रा 5 राज्यों के 27 जिलों से गुजरी है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story