Bihar: कैमूर में कांग्रेस नेता की घात लगाकर हत्या, मर्डर की वजह साफ नहीं, लोगों ने किया NH- 30 जाम

Bihar Crime News: चंद्रमा सिंह की हत्या के पीछे की वजह क्या है यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक कांग्रेस नेता के सिर पर करीब चार से पांच जगह गंभीर जख्म के निशान मिले हैं।

Network
Newstrack Network
Published on: 24 Aug 2022 11:15 AM GMT
congress leader chandrama singh murder in kaimur
X

चंद्रमा सिंह यादव

Bihar Crime News: कैमूर के कुदरा थाना के सलथूआ गांव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रमा सिंह यादव की बेखौफ अपराधियों ने बुधवार की सुबह निर्मम हत्या कर दी। वह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। अपराधियों ने हथियार से सिर पर कई वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। जैसे ही चंद्रमा सिंह यादव की हत्या की सूचना लोगों को मिली काफी तादाद में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और एनएच- 30 आरा-मोहनिया मार्ग को जाम कर दिया।

गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर अपना गुस्सा उतारा। हालांकि, करीब 4 घंटे तक आरा-मोहनिया मार्ग जाम रहा। आपको बता दें कि चंद्रमा सिंह यादव ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के मेंबर थे। 2005 में बिक्रमगंज विधानसभा सीट पर कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़े थे। पत्नी जिला पार्षद रह चुकी हैं और उनका पुत्र 10 साल तक मुखिया रहा।

हत्या की वजह स्पष्ट नहीं

चंद्रमा सिंह के परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा अच्छी थी, लेकिन हत्या के पीछे की वजह क्या है यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस मामले में न तो चंद्रमा सिंह के परिजन अभी खुलकर अपनी बात रख पाए हैं। घटना के 4 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

घात लगाकर किया हमला

बहरहाल कांग्रेस नेता चंद्रमा सिंह की हत्या से इलाके के लोगों में काफी गुस्सा है। लोगों की मानें तो चंद्रमा सिंह यादव रोजाना सुबह घर से टहलने के लिए निकलते थे। बुधवार को जैसे ही कुदरा थाना के डंगरी गांव के समीप पहुंचे, तभी घात लगाकर बैठे अपराधियों ने इनके सिर पर तेज धारदार हथियार से कई बार वार किए। इस हमले में उनकी मौत हो गई।

सिर पर गंभीर जख्म के निशान

मृतक कांग्रेस नेता के सिर पर करीब चार से पांच जगह गंभीर जख्म के निशान मिले हैं। मौके पर वरीय पुलिस पदाधिकारी और प्रशासन के लोग मौजूद थे। दूसरी तरफ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपेंद्र सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार वालों की तरफ से जैसे ही एफआईआर का आवेदन मिलता है त्वरित कार्यवाही की जाएगी। यही नहीं, हत्यारे जल्द सामने होंगे। जांच में वैज्ञानिक अनुसंधान का भी सहारा लिया जाएगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story