Bihar: मुंगेर में देवर-भाभी की हत्या, अपराधियों ने घर में घुसकर सोते वक्त सिर में मारी गोली

Bihar News: बिहार के मुंगेर में देवर और भाभी की हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह अपराधी घर में घुसे और दोनों को सोते वक़्त ही गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

Newstrack          -         Network
Published on: 24 Aug 2022 1:08 PM IST
devar bhabhi shot dead in munger bihar crime news
X

मृतका राशि की फाइल फोटो 

Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर में देवर और भाभी की हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह अपराधी घर में घुसे और दोनों को सोते वक़्त ही गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। दोनों की लाश एक ही कमरे से बरामद हुई है। घटना जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र स्थित कन्तपुर गांव की है।

मरने वालों की पहचान मनोज कुमार की पत्नी राशि और देवर मनीष के रूप में हुई है। अपराधियों ने दोनों के सिर में गोली मारी। राशि का पति मध्यप्रदेश में प्राइवेट जॉब करता था। इधर, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।

क्या है मामला?

घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस को मृत राशि के कमरे में पुलिस वर्दी पहने उसकी तस्वीर मिली है। अब सवाल उठ रहा है कि राशि ने पुलिस की वर्दी क्यों और कब पहनी? क्या वह पुलिस में नौकरी कर रही थी। परिजनों को भी इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। नया रामनगर थाना अध्यक्ष कौशल कुमार ने कहा, कि दो हत्या की बात सामने आई है। घटना की छानबीन की जा रही है। मौके से एक खोखा बरामद किया गया है।

क्या बताया परिजनों ने?

इस मामले में मनीष कुमार की मां ने कहा, कि 'हम लोग घर में सोए थे। घर में मेरे अलावा चार अन्य सदस्य भी सो रहे थे। तभी गोली की आवाज आई। जब हम आए तो मनीष को अपने कमरे में मृत पड़ा देखा। मेरी बहू भी पलंग पर छटपटा रही थी। जब तक उसे अस्पताल ले जाते, उसकी मौत हो चुकी थी।' परिजनों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारे की जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story