×

Gopalganj news : गोपालगंज में हाईटेंशन तार की चपेट में आया ताजिया, 11 लोग झुलसे, 4 की हालत गंभीर

Muharram Procession : बिहार के गोपालगंज में मुहर्रम जुलूस के दौरान ताजिया के साथ करतब दिखाते समय ये हादसा हुआ। कच्चे बांस और लोहे की पाइप की वजह से करंट लगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 28 July 2023 12:09 PM GMT (Updated on: 28 July 2023 12:27 PM GMT)
Gopalganj news : गोपालगंज में हाईटेंशन तार की चपेट में आया ताजिया, 11 लोग झुलसे, 4 की हालत गंभीर
X
गोपालगंज में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसे लोग (Social Media)

Gopalganj Tazia Procession: बिहार के गोपालगंज जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां मोहर्रम जुलूस (Muharram Procession) के दौरान बड़ी संख्या में लोग हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में 11 लोग झुलस गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर है। चारों को गोरखपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। शेष सभी का इलाज गोपालगंज सदर अस्पताल में जारी है। ये हादसा जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के हरपुर सफी टोला, धर्मचक गांव की है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, ताजिया जुलूस हरपुर से निकला था। धर्मपुर की तरफ जा रहा था। जुलूस में शामिल लोग रास्ते में करतब दिखा रहे थे। तभी ये हादसा हो गया। दरअसल, जुलूस में शामिल कुछ लोगों के हाथों में हरे बांस और टहनियां थी। कुछेक लोग लोहे का पाइप लिए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, घटनास्थल पर 11 हजार kva का तार काफी नीचे तक लटका हुआ था। करतब दिखाने वालों का डंडा और पाइप 11 हजार किलोवाट के हाईटेंशन तार से जा टकराया। जिससे उसमें करंट दौड़ गया। करंट लगने से कई लोग झुलस गए। जुलूस में अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग जख्मी हो गए।

क्या कहा एसपी ने?

टीओआई के मुताबिक, गोपालगंज एसपी स्वर्ण प्रभात (Gopalganj SP Swarna Prabhat) ने बताया कि जिले में मोहर्रम (Muharram 2023) को लेकर जगह-जगह पर ताजिया जुलूस निकाला जा रहा है। उचकागांव के हरपुर के धर्म चक गांव में भी लोगों की ओर से जुलूस निकाला गया था। कुछ लोगों के हाथों में हरे बांस, पेड़ की टहनियां आदि थे। हरे बांस और पेड़ की टहनियां ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली की तार को छू गए। बिजली तार के संपर्क में आने से भीड़ में कई लोगों को करंट लग गया। इस करंट में अब तक 11 लोग झुलस गए।'

घायलों का इलाज जारी

एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, 'उचकागांव पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल (Gopalganj Sadar Hospital) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, घायलों की स्थिति सामान्य है।' हालांकि, झुलसे 4 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

रोक के बावजूद निकाला जुलूस

बताया जा रहा है कि, प्रशासन की रोक के बावजूद जुलूस में शामिल युवक हरपुर सफी टोला मुख्य मार्ग स्थित पुल पर चौका मिलान कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक के हाथ में हरे बांस, टहनियां और लोहे के पाइप का संपर्क सड़क के ऊपर से गुजरे हुए हाई वोल्टेज तार में हो गया।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story