×

Bihar: हुलासगंज ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह गिरफ्तार, इनके रेस्ट हाउस में आपत्तिजनक हालत में मिले थे 23 लड़के-लड़कियां

Bihar Crime News: सत्येंद्र सिंह और उसके पार्टनर आलोक कुमार के रेस्ट हाउस से पुलिस ने 12 लड़कियों को रेस्क्यू किया था। इनमें कई नाबालिग थी। पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज होने के बाद से ही सत्येंद्र सिंह फरार था।

Aman Kumar Singh
Published on: 21 April 2023 6:47 PM GMT
Bihar: हुलासगंज ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह गिरफ्तार, इनके रेस्ट हाउस में आपत्तिजनक हालत में मिले थे 23 लड़के-लड़कियां
X
सत्येंद्र सिंह (Social Media)

Bihar News : लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) नेता और हुलासगंज प्रखंड प्रमुख बालू व्यापारी सत्येंद्र सिंह को पटना के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। सत्येंद्र सिंह पर सदर थाने में पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज है। वो आठ महीने से फरार चल रहा था। पुलिस बताती है कि सत्येंद्र सिंह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा था। जिससे लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही थी। बाद में पता चला कि सत्येंद्र एक महीने से पटना के निजी होटल में छिपकर रह रहा था।

इस बारे में एसडीपीओ राजीव सिंह ने बताया कि पटना हाईकोर्ट के निर्देश पर सत्येंद्र सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गई थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को पटना शहर से ही दबोच लिया गया। SDPO ने बताया कि मामले में फरार ओकरी थाना क्षेत्र के सुरदासपुर निवासी भवन ठेकेदार आलोक कुमार सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश डाल रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस ने 12 लड़कियों को किया था रेस्क्यू, कई नाबालिग

ये मामला 12 सितंबर 2022 का है। आदर्श नगर मोहल्ले में आलोक अपार्टमेंट है। जहां पुलिस ने छापेमारी की थी। दरअसल, यहां से पुलिस ने 12 लड़कियों को रेस्क्यू किया था। इन लड़कियों के साथ कमरे में बंद 11 लड़कों को भी आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया था। ये अपार्टमेंट सत्येंद्र सिंह और आलोक कुमार ने पार्टनरशिप में बनाया था। जिसके पहले तल पर रेस्ट हाउस है। सत्येंद्र सिंह का शिव सत्य रेस्ट हाउस (Shiv Satya Rest House) और आलोक कुमार का ओम रेस्ट हाउस (Om Rest House) है। दोनों रेस्ट हाउस से कुल 23 लड़के-लड़कियों को पुलिस ने पकड़ा था। इनमें कई लड़कियां नाबालिग थीं। जिसके बाद पुलिस ने ओम रेस्ट हाउस के 11 और शिव सत्य रेस्ट हाउस के 6 कमरों को सील कर दिया था।

आपत्तिजनक चीजें भी मिली थी

पुलिस को रेस्ट हाउस के कैश काउंटर से 4 हजार 500 रुपए मिले थे। कमरों से सिगरेट सहित कई आपत्तिजनक सामान जब्त किए गए थे। पुलिस ने रेस्ट हाउस के मालिक सत्येंद्र सिंह और आलोक कुमार के अलावा संचालक तथा प्रबंधक के खिलाफ नगर थाने में केस दर्ज किया था।

किराए पर दिया था रेस्ट हाउस

पुलिस ने बताया कि, अपार्टमेंट के निचले तल पर संचालित रेस्टोरेंट में घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर भी एक केस अलग से दर्ज किया गया था। तब अपने बचाव में सत्येंद्र सिंह ने कहा था कि, आदर्श नगर निवासी नागेंद्र कुमार को उन्होंने 2 साल के लिए रेस्ट हाउस किराए पर दिया था। ठेकेदार आलोक कुमार ने भी कहा था कि उन्होंने दो साल के लिए रेस्ट हाउस किराए पर दिया था।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story