कांग्रेस में नहीं थम रहा इस्तीफे का दौर, अब बिहार प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने दिया इस्तीफा

Bihar: बिहार में कांग्रेस स्थिति चिंताजनक होने के बाद बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा (Madan Mohan Jha) ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

Bishwajeet Kumar
Published on: 14 April 2022 8:54 AM GMT
Madan Mohan Jha
X

मदन मोहन झा (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया)

Bihar News: कांग्रेस पार्टी ने बिहार के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करना शुरू कर दिया है। हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस (Congress) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहने के कारण कांग्रेस अब आगामी राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में लग गई है। जिसके लिए पार्टी मंडल स्तर के पदाधिकारियों से लेकर प्रदेश अध्यक्षों तक के स्ट्रक्चर को सही करने में लगी हुई है। इसी सिलसिले में बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा (Madan Mohan Jha) ने दिल्ली में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुलाकात की जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

मदन मोहन झा का इस्तीफा

मदन मोहन झा बिहार में कांग्रेस पार्टी का बड़ा ब्राम्हण चेहरा माने जाते हैं। कांग्रेस पार्टी ने 4 साल पहले मदन मोहन झा को बिहार में पार्टी की कमान सौंपी थी। हालांकि बीते कुछ वक्त में बिहार में कांग्रेस पार्टी की स्थिति बेहद चिंताजनक होने के कारण उन पर लगातार अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का दबाव बन रहा था। वहीं हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहने के कारण कांग्रेस सभी राज्यों में अपने पार्टी के स्ट्रक्चर को सही करने में लग गई। जिसके कारण यह माना जा रहा था कि आज नहीं तो कल मदन मोहन झा को भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ेगा।

पंजाब और यूपी में भी प्रदेश अध्यक्षों ने दिया इस्तीफा

विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस पार्टी का सबसे खराब प्रदर्शन पंजाब में देखने को मिला। क्योंकि पंजाब में कांग्रेस पार्टी की सत्ता थी और बीते कई सालों से पार्टी वहां मजबूत ही रही है। लेकिन 2022 विधानसभा चुनाव में जब आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरी तो कांग्रेस पार्टी उसके सामने टिक नहीं सकी और 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा में कांग्रेस पार्टी महज 18 सीटों पर ही कब्जा जमा पाई। वहीं अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 92 सीटों पर जीत दर्ज किया।

पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन इसलिए लिए बेहद बुरा माना जा रहा है क्योंकि इस चुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) और दो सीटों से चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) भी आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के सामने टिक नहीं पाए। विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

उधर पंजाब के अलावा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी कुछ बेहतर करके नहीं दिखा पाई। अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की सक्रियता के कारण और 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' जैसी मुहिम के कारण इस बार कांग्रेस पार्टी कुछ सीटों पर कमाल दिखा सकेगी। लेकिन इस चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी का कमाल नहीं बल्कि बीजेपी (BJP) का कमल सबसे ज्यादा देखने को मिला। बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों के साथ चार सौ 3 विधानसभा सीटों में से कुल 273 सीटों पर जीत दर्ज किया।

वहीं समाजवादी पार्टी ने 2022 विधानसभा चुनाव में कुल 111 विधानसभा सीटों पर विजय हासिल किया। वहीं इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी 403 विधानसभा सीटों में से महज 2 सीट ही जीत पाई। कई सीटों पर तो कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों का जमानत तक जब्त हो गया। उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने हार का जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story