TRENDING TAGS :
Bihar News: लालू कुनबे पर नीतीश कुमार का बड़ा हमला, सदन में राबड़ी पर बिफरे, कहा-हसबैंड जेल गए तो वाइफ को बना दिया CM
Bihar News : सदन के भीतर नीतीश कुमार और राजद की महिला एमएलसी उर्मिला ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। इससे पहले मंगलवार को नीतीश ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए लालू यादव को घेरा था।
Nitish kumar, lalu prasad yadav, Rabri Devi (photo: social media )
Bihar News : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर सदन के भीतर राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के कुनबे पर बड़ा हमला बोला है। बजट सत्र के दौरान नीतीश आज विधान परिषद में लालू और उनकी पत्नी राबड़ी देवी पर हमलावर हो गए। राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके हसबैंड (लालू यादव) जेल गए तो उन्होंने अपनी वाइफ राबड़ी देवी को बिहार का मुख्यमंत्री बना दिया।
सदन के भीतर नीतीश कुमार और राजद की महिला एमएलसी उर्मिला ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। इससे पहले मंगलवार को नीतीश ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए लालू यादव को घेरा था। बिहार में इस बार बजट सत्र काफी हंगामेदार दिख रहा है और सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर तीर चल रहे हैं।
लालू जेल गए तो पत्नी राबड़ी को बना दिया सीएम
बिहार विधान परिषद में शुक्रवार को प्रश्न काल के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू की पत्नी व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी सदन में मौजूद थीं। इस दौरान राजद की महिला एमएलसी उर्मिला ठाकुर ने सदन में महिलाओं से जुड़ा मुद्दा उठाया। वे नीतीश सरकार पर हमला करने में जुटी हुई थीं और इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अपनी सीट पर खड़े हो गए।
इस दौरान नीतीश कुमार काफी गुस्से में दिखे। विपक्ष की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों को कुछ मालूम नहीं है। इन लोगों ने आज तक महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं किया। ये लोग बस दिखावे के लिए हो-हल्ला मचाते रहते हैं। इसी दौरान उन्होंने लालू की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने लालू प्रसाद यादव की गिरफ्तारी के बाद राबड़ी देवी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके हसबैंड (लालू यादव) जेल गए तो वाइफ (राबड़ी देवी) को राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस बयान पर राजद के एमएलसी सुनील कुमार ने तीखी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान को सदन की कार्यवाही से बाहर निकाला जाना चाहिए। उन्होंने अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया मगर सभापति की ओर से उनकी मांग खारिज कर दी गई।
तेजस्वी यादव पर भी भड़क गए थे नीतीश
बिहार में बजट सत्र के दौरान यह दूसरा मौका है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू के कुनबे पर तीखा हमला बोला है। इसके पहले मंगलवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर हमला बोला था। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को बच्चा बताया था। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पिता (लालू यादव) को हमने ही मुख्यमंत्री बनाया था।
नीतीश कुमार का कहना था कि लालू यादव ने अति पिछड़ा वर्ग को खत्म करने की साजिश रची थी और वे इस वर्ग को ओबीसी में शामिल करना चाहते थे। मैंने लालू यादव की इस योजना का तीखा विरोध किया था और बाद में हम अलग हो गए थे। राजद से अलग होने के बाद नीतीश कुमार लगातार लालू के कुनबे पर हमला बोलते रहे हैं। बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के कारण सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया है और बजट सत्र के दौरान इसका नजारा सदन में भी दिख रहा है।