×

Bihar: नीतीश कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार जल्द, लालू से सीएम की बातचीत, राजद और कांग्रेस कोटे से बनेंगे दो-दो मंत्री

Bihar Cabinet Expansion: एक सप्ताह के भीतर नीतीश कैबिनेट का कभी भी विस्तार किया जा सकता है। इस कैबिनेट विस्तार के दौरान राजद और कांग्रेस से दो-दो मंत्री बनाए जाने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 21 July 2023 7:53 AM GMT
Bihar: नीतीश कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार जल्द, लालू से सीएम की बातचीत, राजद और कांग्रेस कोटे से बनेंगे दो-दो मंत्री
X
Bihar Cabinet Expansion (photo: social media)

Bihar Cabinet Expansion: विपक्षी नेताओं की बैठक से खाली होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट के विस्तार की कवायद में जुट गए हैं। नीतीश कैबिनेट के विस्तार की काफी दिनों से प्रतीक्षा की जा रही है मगर अब सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को इस बाबत राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव से भी चर्चा की है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर नीतीश कैबिनेट का कभी भी विस्तार किया जा सकता है। इस कैबिनेट विस्तार के दौरान राजद और कांग्रेस से दो-दो मंत्री बनाए जाने की संभावना है। विपक्षी नेताओं की पटना बैठक के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस बाबत नीतीश कुमार से चर्चा की थी।

काफी दिनों से टल रहा है कैबिनेट का विस्तार

नीतीश कैबिनेट का विस्तार का काम काफी दिनों से टलता रहा है। हाल के दिनों में नीतीश विपक्षी दलों की एकजुटता की कवायद में काफी व्यस्त रहे हैं मगर अब वे अपनी कैबिनेट का विस्तार करना चाहते हैं। मौजूदा समय में नीतीश कैबिनेट में कांग्रेस कोटे से दो मंत्री हैं।

माना जा रहा है कि कांग्रेस से दो और विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह का कहना है कि पार्टी के कोटे से दो मंत्री बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किन विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिलेगा,इस पर पार्टी में मंथन का दौर चल रहा है।

राजद कोटे से बनेंगे दो मंत्री

राजद कोटे से मंत्री बनाए गए दो नेता नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफा देने वालों में सुधाकर सिंह और कार्तिक कुमार के नाम शामिल हैं। सुधाकर सिंह लंबे समय से नीतीश कुमार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे और बाद में उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा था। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं के स्थान पर राजद कोटे से दो नए मंत्री नीतीश कैबिनेट में शामिल किए जाएंगे।

नीतीश कुमार ने इस संबंध में राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव से गुरुवार को चर्चा भी की है। राजद के किन नेताओं को मंत्री बनने का मौका मिलेगा,अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो सका है। नीतीश कैबिनेट के विस्तार की चर्चा के साथ ही मंत्री बनने के इच्छुक नेताओं ने जोड़-तोड़ शुरू कर दी है। जानकारों के मुताबिक कांग्रेस और राजद नेतृत्व की ओर से यह तय किया जाएगा कि पार्टी से जुड़े कौन नेता मंत्री बनेंगे।

मंत्रियों की संख्या बढ़कर होगी 35

मौजूदा समय में नीतीश कैबिनेट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत जदयू कोटे से 13, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत राजद कोटे से 15, कांग्रेस कोटे से दो और एक जदयू समर्थित निर्दलीय मंत्री है। हम कोटे से मंत्री संतोष मांझी ने पिछले दिनों नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी का जदयू में विलय करने की कोशिश कर रहे थे।

हम पार्टी ने अब भाजपा से हाथ मिला लिया है और पार्टी एनडीए में शामिल हो गई है। पार्टी के नेता जीतन राम मांझी ने पिछले दिनों राजधानी दिल्ली में हुई एनडीए की बैठक में भी हिस्सा लिया था। मौजूदा समय में नीतीश कैबिनेट में 31 मंत्री शामिल हैं। यदि कांग्रेस और राजद कोटे से दो-दो विधायकों को मंत्री बनाया गया तो नीतीश कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 35 हो जाएगी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story