×

Yoga Day 2023: योग करते समय केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की बिगडी तबियत, एम्स में कराएंगे इलाज

Yoga Day 2023: केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस योग करने के दौरान असहज दिख रहे थे। आसन लगाने के दौरान उनको समस्या हो रही थी। वो न तो खड़े हो पा रहे थे और न ही बैठ पा रहे थे।

Krishna Chaudhary
Published on: 21 Jun 2023 5:38 AM GMT (Updated on: 21 Jun 2023 9:52 AM GMT)

Pashupati Paras Health: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हाजीपुर से लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी दौरान योग करते समय अचानक वो निढ़ाल होने लगे। पारस शुरू से ही योग करने के दौरान असहज दिख रहे थे। आसान लगाने के दौरान उनको समस्या हो रही थी। वो न तो खड़े हो पा रहे थे और न ही बैठ पा रहे थे।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री पारस जब लड़खड़ाने लगे तो उन्होंने पास में खड़े अपनी पीए को मदद के लिए बुलाया। इसके बाद दो लोगों ने पारस को पकड़ा और उन्हें सोफे पे लिटाया। इसके बाद तत्काल उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी गई, जिसके बाद वे नॉर्मल हो सके। उनके आसपास मौजूद लोगों की भीड़ को भी हटा दिया गया ताकि उन्हें खुली हवा में सांस लेने में दिक्कत न हो। 66 वर्षीय पारस कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। अब उनका दिल्ली एम्स में उपचार करवाने की बात चल रही है।

भाई की पार्टी पर कब्जा जमाया और बने मंत्री

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस दिग्गज दलित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई हैं। 2020 में रामविलास पासवान का निधन हो गया था और पार्टी का कंट्रोल उनके पुत्र और जमुई से सांसद चिराग पासवान के पास आ गया था। 2021 में पशुपति कुमार पारस ने भतीजे के खिलाफ विद्रोह कर पार्टी पर कब्जा कर लिया। रामविलास पासवान के निधन से लोजपा खोटे से केंद्र में खाली हुई मंत्रीपद पर वे खुद आसीन हो गए। इसके बाद से बिहार में लगातार चाचा-भतीजे के बीच जुबानी जंग चल रही है।

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस और उनके भतीजे चिराग पासवान दोनों खुद को राज्य में रामविलास पासवान का असली सियासी उत्तराधिकारी के तौर पर प्रस्तुत कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी लगातार दोनों चाचा-भतीजे को फिर से एकजुट करने की कोशिश कर रही है लेकिन फिलहाल इस कवायद में उन्हें सफलता नहीं मिली है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story