×

Rahul Gandhi के पीएम फेस पर नीतीश कुमार की सहमति, कहा- 'ठीक ही तो है, इसमें कौन सी बुराई'..राजनीति तेज

Rahul Gandhi PM Face: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने साल 2024 लोकसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी को पीएम फेस बताया। जिस पर बिहार के मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी।

aman
Written By aman
Published on: 31 Dec 2022 12:00 PM GMT
Nitish Kumar on PM Face
X

 राहुल गांधी और नीतीश कुमार (Social Media)

Nitish Kumar on PM Face: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नए साल की पूर्व संध्या पर ऐसा बयान दिया जिसने 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा दिया। नीतीश ने कहा, 'राहुल गांधी के प्रधानमंत्री फेस होने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। विपक्षी एकता होना ज्यादा जरूरी है।' नीतीश कुमार का ये बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अब तक नीतीश खुद को परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री का चेहरा बताते रहे हैं। माना जा रहा है एक ये भी वजह थी कि उन्होंने बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का साथ छोड़, राष्ट्रीय जनता दल का दामन थाम लिया था। बिहार में अभी महागठबंधन की सरकार है।

दरअसल, साल बीजेपी 'मिशन 2024' की तैयारियों में जुटी है। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। पॉलिटिकल पार्टियों की तैयारियां तेज हैं। इसी बीच बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ (Congress leader Kamal Nath) ने कहा कि, 'राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष का चेहरा ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री पद का चेहरा भी होंगे।' उनके इस बयान पर अब राजनीति तेज हो गई है। मीडिया तमाम विपक्षी दलों के नेताओं से उनकी राय ले रही है। इसी कड़ी में आज नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया आई।

नीतीश बोले- ठीक ही है

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) ने इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। शनिवार (31 दिसंबर) को पटना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'ठीक ही है, इसमें कौन सी बुराई है। हम लोग इंतजार कर रहे हैं। बाकी पार्टियों से बातचीत हो रही है। एक साथ मिल-जुल कर काम करने की जरूरत है।'

'मेरे बारे में झूठ बोला जाता है'

विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार के नाम की चर्चा से जुड़े एक सवाल पर बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा, 'उनके बारे में झूठ चलता है। उनकी इच्छा नहीं है।' नीतीश कुमार ने आगे कहा कि, उनकी सिर्फ इतनी इच्छा है कि अधिक से अधिक राजनीतिक दल मिलजुल कर चलें। आपसी सहमति के साथ देश के विकास के लिए योजनाएं तैयार की जाएं।'

तेजस्वी बोले- सब टाइम बताएगा

वहीं, बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री फेस के सवाल पर मीडिया से बातचीत में कहा, 'सभी लोगों की अपनी-अपनी इच्छा होती है। सभी राजनीतिक दल के नेता अपनी-अपनी बात कहते हैं। सभी मिलकर बात करेंगे, तभी सहमति बन पाएगी। तेजस्वी यादव ने कहा, आगे क्या होगा, क्या नहीं, ये सब टाइब बताएगा।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story