×

Manoj Jha Row: मनोज झा के 'ठाकुर' वाले बयान बिहार में घमासान, लालू यादव बोले- 'वो सही बात बोले हैं...'

Lalu Yadav on Manoj Jha Row: राजद सांसद मनोज झा द्वारा ठाकुरों पर दिए गए बयान पर बिहार में राजनीतिक बवाल मचा है। इसी मुद्दे पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रतिक्रिया दी।

aman
Report aman
Published on: 28 Sep 2023 3:19 PM GMT
Manoj Jha Row
X

लालू यादव और मनोज झा (Social Media)

Lalu Yadav on Manoj Jha Row: बिहार में इन दिनों राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राज्यसभा सांसद मनोज झा (Manoj Jha) के 'ठाकुर' वाले बयान पर जमकर बवाल मचा है। धीरे-धीरे इस विवाद की आंच देश भर में फैलने लगी। हालात ये हैं कि अब जमकर राजनीति और बयानबाजी हो रही है। इस पूरे मसले पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने गुरुवार (28 सितंबर) को प्रतिक्रिया दी।

लालू प्रसाद यादव ने कहा, 'मनोज झा बहुत विद्वान व्यक्ति हैं। वो सही बात बोले हैं। ठाकुरों (राजपूतों) के खिलाफ उन्होंने कुछ भी नहीं बोला। नाम लिए बिना लालू ने आनंद मोहन (Anand Mohan) को नसीहत दी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, जो सज्जन लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं उन्हें संयम बरतना चाहिए। बयानबाजी से भी परहेज करना चाहिए।' ठाकुरों के अपमान वाले सवाल पर राजद सुप्रीमो ने कहा, कोई अपमान नहीं हुआ है।

CM नीतीश से मुलाकात पर क्या बोले लालू?

लालू प्रसाद यादव ने ये बातें 'सड़क से संसद तक' पुस्तक विमोचन के दौरान कही। अपने संबोधन में लालू यादव ने कहा, 'आज देश बदल रहा है। देश में अब 'सांप्रदायिक शक्तियों' (Communal Powers) का बोलबाला है। भारत के संविधान को बदलने के प्रयास भी किए गए।' वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री से मुलाकात पर लालू ने कहा, नीतीश हमसे मेरे आवास पर मिलने आते रहते हैं। आज मुख्यमंत्री आवास जाकर हम उनसे मुलाकात किए।'

मनोज झा के बयान पर बिहार में चढ़ा सियासी पारा

गौरतलब है कि, बीते 21 सितंबर को संसद के विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण बिल (Women Reservation bill) पर चर्चा में राज्यसभा में आरजेडी सांसद मनोज झा ने एक कविता पढ़ी। जिसमें उन्होंने 'ठाकुरों' का जिक्र किया था। साथ ही, अंदर के ठाकुर को मारने की अपील की थी। राजद सांसद के इस बयान के बाद से विवादों का दौर जारी है। आरजेडी के अंदर भी घमासान मचा हुआ है। राजद विधायक चेतन आनंद (RJD MLA Chetan Anand) भी मनोज झा के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। जेडीयू और बीजेपी भी मनोज झा पर हमलावर है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story