×

Bihar News: सरस्वती प्रतिमा विसर्जन पर बवाल, पत्थरबाजी व चाकू से हमला, दर्जनों घायल, कई गिरफ्तार

Bihar News: बिहार के दरभंगा समेत कई जिलों में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

Jugul Kishor
Published on: 17 Feb 2024 3:55 AM GMT (Updated on: 17 Feb 2024 4:11 AM GMT)
Bihar News
X

बिहार में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल (सोशल मीडिया)

Bihar News: बिहार में सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान दरभंगा, आरा और भागलपुर समेत कई जिलों में हिंसक घटनाएं देखने को मिलीं। बिहार के दरभंगा जिले में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के जुलूस के दौरान दो पक्षों में बवाल हो गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें दर्जनों लोग चोटिल हो गए। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके साथ ही बिहार के आरा में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प का मामला सामने आया। मूर्ति विससर्जन के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद पत्थरबाजी के साथ ही मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। दो गुटों के बीच हुई मारपीट और चाकूबाजी में एक युवक का सिर फट गया। कई अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अब तक कई उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।

दरभंगा में पथराव से मच गई भगदड़़

जानकारी के मुताबिक दरभंगा के बहेड़ा थाना इलाके में हुई पत्थरबाजी को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस की टीम पहुंच गई, लेकिन तब तक स्थिति काफी भयावह हो चुकी थी। लेकिन, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को कंट्रोल में कर लिया। बताया जा रहा है कि बहेड़ा बाजार से सरस्वती प्रतिमा विसर्जन का जुलूस छोटी बाजार की ओर जा रहा था। इसी बीच एक धार्मिक स्थल के निकट कुछ असामाजिक तत्वों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। इससे पूरे बाजार मे भगदड़ मच गई। लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक लोग चोटिल हो गए।

पुलिस की सुरक्षा में निकाला गया जुलूस

घटना की जानकारी मिलते ही दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन और पुलिस अधीक्षक दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के सुरक्षा के घेरे में प्रतिमा विसर्जन के जुलूस को निर्धारित तालाब तक भेजा गया। जुलूस में घायल लोगों का इलाज के लिए बहेड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

भागलपुर में एक दर्जन लोग घायल

बिहार के भागलपुर में सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान जमकर बवाल हुआ। दो पक्षों में मारपीट के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई जिसमें एक दर्जन लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र के तबलपुर की है। प्रतिमा विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों में हुई झड़प में फायरिंग की भी बात सामने आई है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस प्रशासन नहीं की है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

आरा में भी जमकर हुआ बवाल

बिहार के आरा में विसर्जन के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से खूब ईंट-पत्थर चले। घटना में एक युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया। आरा में ये घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जगवलिया गांव के राजपूत और पासवान जाति के दो टोला और नगर थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा बाइपास की है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story