×

Bihar News: नीतीश के बाद अब लालू पर भी बरसे उपेंद्र कुशवाहा, कहा-राजद से हुई डील का खुलासा करें मुख्यमंत्री

Bihar News: शहीद जगदेव प्रसाद की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के 35 साल के कार्यकाल में बिहार में अति पिछड़ों का हक लूटे जाने का बड़ा आरोप लगाया।

Anshuman Tiwari
Published on: 2 Feb 2023 12:35 PM GMT (Updated on: 2 Feb 2023 2:09 PM GMT)
Bihar News
X

Bihar News (Social Media)

Bihar News: जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। शहीद जगदेव प्रसाद की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के 35 साल के कार्यकाल में बिहार में अति पिछड़ों का हक लूटे जाने का बड़ा आरोप लगाया। अपने संबोधन के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार को इस बात का खुलासा करना चाहिए कि आखिरकार उन्होंने राजद के साथ क्या डील की है।

ये भी पढ़े- नीतीश पर उपेंद्र कुशवाहा का फिर बड़ा हमला, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पद को बताया झुनझुना, पिछड़ों की अनदेखी का आरोप

उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश को दी चुनौती

उपेंद्र कुशवाहा के बागी तेवर से जदयू में बारी घमासान छिड़ा हुआ है। जगदेव जयंती पर अलग कार्यक्रम के जरिए उपेंद्र कुशवाहा ने एक बार फिर जदयू नेतृत्व को चुनौती दी है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उपेंद्र कुशवाहा अलग से कार्यक्रम करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपेंद्र कुशवाहा अब आरपार की लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं और उन्होंने एक बार फिर नीतीश कुमार को सीधी चुनौती दे दी है।

ये भी पढ़े- नीतीश कुमार पर जमकर बरसे उपेंद्र कुशवाहा, बोले मेरे खिलाफ बातों में सीएम भी शामिल

लालू-नीतीश के राज में पिछड़ों का हक लूटा गया

जगदेव जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार में लंबे समय से लालू और नीतीश कुमार का राज रहा है। पहले 15 साल तक लालू प्रसाद यादव बिहार के मुख्यमंत्री बने रहे और उनके बाद 17 वर्षों से नीतीश कुमार सीएम की कुर्सी पर कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। इन दोनों नेताओं के लंबे राज के दौरान बिहार में अति पिछड़ों का हक मारा गया है। अति पिछड़ों का जीवन सुधारने में इन दोनों नेताओं की कभी कोई दिलचस्पी नहीं रही।

उपेंद्र कुशवाहा ने पिछले कई दिनों से नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। अभी तक उन्होंने सिर्फ नीतीश कुमार के खिलाफ हमलावर रुख अपना रखा था मगर अब उन्होंने महागठबंधन में शामिल दूसरे प्रमुख दल राजद के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। उपेंद्र कुशवाहा के तेवर से साफ हो गया है कि अब वे अलग रास्ते पर चलने का फैसला ले चुके हैं।

राजद के साथ डील का खुलासा करें नीतीश

जदयू नेता कुशवाहा ने आज राजद पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में सिर्फ एक परिवार का राज चल रहा है। उनका इशारा लालू के बाद तेजस्वी यादव की ओर था जिन्हें नीतीश कुमार ने अपना डिप्टी सीएम बना रखा है। उन्होंने कहा कि राजद के खिलाफ ही जदयू का जन्म हुआ था मगर नीतीश कुमार खुद इस बात को भूल चुके हैं। सच्चाई तो यह है कि जदयू भी आज राजद पर निर्भर दिख रही है और यही कारण है कि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है।

कुशवाहा ने नीतीश कुमार के साथ हुई उनके करीबियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को इस बात का खुलासा करना चाहिए कि आखिरकार राजद के साथ उन्होंने क्या डील की है। राजद नेताओं की ओर से बार-बार नीतीश कुमार की जगह तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की जा रही है। इसलिए राजद और जदयू के बीच हुई डील का खुलासा करना जरूरी हो गया है। नीतीश कुमार इस मुद्दे पर कुछ भी खुलकर नहीं बोल रहे हैं।

जदयू एमएलसी का उपेंद्र पर बड़ा बयान

इस बीच जदयू के एमएलसी रामेश्वर महतो ने उपेंद्र कुशवाहा के समर्थन में बयान देकर जदयू में जारी घमासान को और तेज कर दिया है। महतो ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के पार्टी में शामिल होने के बाद से ही उनके खिलाफ लगातार साजिश रची जा रही हैं। पहले इस बात की कोशिश की गई कि कुशवाहा किसी भी तरह जदयू में शामिल न हो पाएं मगर उनके पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी से बाहर करने के लिए जदयू में जोरदार गोलबंदी की गई है।

महतो के इस बयान को नीतीश कुमार के करीबियों के खिलाफ बड़ा हमला माना जा रहा है। उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को मजबूत नेता बना बताते हुए यह भी कहा कि उनके पार्टी छोड़कर जाने से पार्टी कमजोर होगी। इसलिए उन्हें पार्टी में बनाए रखा जाना चाहिए।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story