×

Gautam Adani Netwoth: अडानी समूह की कंपनियों के शेयर पकड़ने लगे रफ्तार, नेटवर्थ में भी आने लगा सुधार

Gautam Adani Netwoth: दुनिया के धनकुबेरों का हिसाब-किताब रखने वाली ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स में गौतम अडानी ने जोरदार छलांग लगाई है। ये छलांग उनकी बढ़ती नेटवर्थ को दर्शाता है।

Krishna Chaudhary
Published on: 9 March 2023 7:49 AM GMT
Gautam Adani
X

Gautam Adani (PHOTO: social media )

Gautam Adani Netwoth: दिग्गज कारोबारी समूह अडानी ग्रुप अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग रिचर्स की चोट से अब उबरने लगा है। समूह की कंपनियां धीरे-धीरे स्टॉक मार्केट में रफ्तार पकड़ने लगी हैं। इससे स्पष्ट है कि निवेशकों में एकबार फिर गौतम अडानी की अगुवाई वाली कंपनी के प्रति विश्वास बढ़ता जा रहा है। एक महीने से अधिक के अविश्वास के माहौल में समूह की कंपनियों के शेयर धड़ाम हो गए थे, जिसका असर गौतम अडानी के नेटवर्थ पर साफ तौर पर दिखऩे लगा था।

कभी एशिया के सबसे रईस और दुनिया के टॉप तीन अमीर उद्योगपतियों में गिने जाने वाले गौतम अडानी शीर्ष 30 अमीर लोगों की सूची से भी बाहर हो गए थे। दुनिया के धनकुबेरों का हिसाब-किताब रखने वाली ब्लूमबर्ग बिलियनर्स इंडेक्स में गौतम अडानी ने जोरदार छलांग लगाई है। ये छलांग उनकी बढ़ती नेटवर्थ को दर्शाता है।

किस पायदान पर पहुंचे अडानी ?

गौतम अडानी की संपत्ति में फरवरी के अंत में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई थी। उनकी नेटवर्थ घटकर 37.7 अऱब डॉलर रह गई थी और वे अमीरों की सूची में खिसककर 34वें पायदान पर पहुंच गए थे। लेकिन मार्च की शुरूआत से ही उनकी नेटवर्थ में सुधार होने लगा। पिछले 24 घंटे में इसमें 1.97 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद यह बढ़कर 54 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इसका फायदा ये हुआ कि अमीर लोगों की सूची में अब वो 22वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

अडानी समूह की कंपनियों के शेयर पकड़ने लगे रफ्तार

अडानी समूह की कंपनियों के प्रति निवेशकों का भरोसा लौटने लगा है। जिससे समूह की कंपनियों के शेयर रफ्तार पकड़ने लगे हैं। पिछले एक हफ्ते में उनकी कंपनियों के शेयर में उछाल देखने को मिले हैं। बुधवार को अडानी के पांच शेयरों में अपर सर्किट लगा था और अन्य सभी हरे स्टॉक्स हरे निशान पर बंद हुए थे।

गुरूवार को अडानी ग्रुप के 10 शेयरों में से 6 में तेजी है। फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज में तीन प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स में करीब 1.5 प्रतिशत, सीमेंट कंपनी एसीसी और अंबुजा में करीब 1 प्रतिशत की गिरावट है। जिन शेयरों में तेजी है उनमें पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस और विल्मर शामिल हैं। इनके शेयर 4 प्रतिशत चढ़े हैं। अडानी ग्रुप की मीडिया कंपनी एनडीटीवी में भी 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी है।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट के कारण उठाना पड़ा था भारी नुकसान

अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिचर्स की जनवरी के आखिरी में आई रिपोर्ट ने शेयर बाजार में तहलका मचा दिया था। इसने गौतम अडानी के साम्राज्य को बुरी तरह से हिला दिया। आसमान छू रहे कंपनी के शेयर अचानक गोता खाने लगे। महीने भर के भीतर कंपनी के स्टॉक्स 25 से 85 प्रतिशत तक टूट गए थे। अडानी समूह का मार्केट कैप 12 लाख करोड़ रूपये से घटकर 100 अरब डॉलर के नीचे आ गया था। ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी की संपत्ति में भी 66.5 अरब डॉलर की गिरावट आई।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story