×

Business News: भारत ने अप्रैल में तोड़ा निर्यात का रिकॉर्ड, 24.22 प्रतिशत की वृद्धि हुई दर्ज

Indian Economy: वाणिज्य मंत्रालय ने जानकारी दी, कि पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक तथा रसायन उत्पादों जैसे क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत अप्रैल में निर्यात उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

aman
Written By aman
Published on: 3 May 2022 11:04 AM GMT (Updated on: 3 May 2022 11:07 AM GMT)
business news india record merchandise exports rise by 24.22 percent in april 2022
X

 प्रतीकात्मक फोटो 

Business News: भारतीय अर्थव्यवस्था (Indian Economy) के लिए अच्छी खबर आई है। देश में वस्तुओं का निर्यात अप्रैल 2022 में 24.22 फीसदी बढ़कर करीब 38.19 अरब डॉलर पहुंच गया है। वाणिज्य मंत्रालय (Ministry of Commerce) ने आज यानी मंगलवार को जानकारी दी, कि पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक तथा रसायन उत्पादों जैसे क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन की बदौलत अप्रैल महीने में निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

गौरतलब है कि, नए वित्तीय वर्ष (New Financial Year) की शुरुआत अप्रैल महीने में 38.19 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड निर्यात (Record Exports) के साथ हुई। इस दौरान, भारत ने 38.19 बिलियन अमरीकी डॉलर के व्यापारिक निर्यात (Mercantile Export) का मासिक मूल्य हासिल किया। यह वर्ष 2021 के अप्रैल महीने में 30.75 बिलियन अमरीकी डॉलर से 24.22 प्रतिशत अधिक है। जबकि, अप्रैल, 2022 में व्यापार घाटा (Trade Deficit) बढ़कर करीब 20.07 अरब डॉलर हो गया। बता दें कि, साल भर पहले इसी अवधि के दौरान यह 15.29 अरब डॉलर था।

इस संबंध में मंत्रालय का कहना है कि अप्रैल 2022 में गैर-पेट्रोलियम निर्यात का मूल्य 30.46 बिलियन डॉलर रहा। जो अप्रैल 2021 में 27.12 बिलियन डॉलर के गैर-पेट्रोलियम निर्यात से 12.32 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्ज किया है।

वहीं, पेट्रोलियम उत्पादों (113.21 प्रतिशत), इलेक्ट्रॉनिक सामान (64.04 प्रतिशत) तथा रसायन (26.71 प्रतिशत) ने अप्रैल 2022 के दौरान निर्यात में उच्च वृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया है।

इस साल अप्रैल 2022 में भारत का व्यापारिक आयात 58.26 बिलियन डॉलर रिकॉर्ड किया गया। पिछले साल इसी समय की तुलना में यानी अप्रैल 2021 में यह 46.04 बिलियन डॉलर था। मतलब यहां भी करीब 26.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

वाणिज्य मंत्रालय ने आगे बताया कि, 'गैर-पेट्रोलियम आयात का मूल्य अप्रैल 2022 में 38.75 बिलियन अमरीकी डॉलर था। जो अप्रैल 2021 में 35.27 बिलियन डॉलर के आसपास रहा था। यहां भी गैर-पेट्रोलियम आयात पर 9.87 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story