TRENDING TAGS :
Gautam Adani Net Worth: फिर गिरी गौतम अडानी की नेटवर्थ...अमीरों की लिस्ट में मिला यह स्थान, मुकेश अंबानी भी लुढ़के
Gautam Adani Net Worth: बुधवार को अडानी ग्रुप के कारोबार में 51 हजार करोड़ रुपये की गिरावट आने के बाद समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी का नेटवर्थ 42.7 अरब डॉलर रह गया है। इसकी साथ उनकी अमीर व्यक्तियों की रैंकिंग भी गिरी है।
Gautam Adani Net Worth (सोशल मीडिया)
Gautam Adani Net Worth: अडानी ग्रुप के शेयरों की हालत दिन पर दिन माली होती जा रही है। इसका प्रभाव अडानी ग्रुप के अध्यक्ष और दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी के नेटवर्थ पर भी दिखाई पड़ा है। बुधवार को एक दिन के अंदर अडानी ग्रुप की कंपनियों में 51 हजार करोड़ रुपए की गिरावट आई है। इस गिरावट से गौतम अडानी का नेटवर्थ काफी प्रभावित हुआ है, जिसके बाद उनकी दुनिया के अमीरों की रैंकिंग में भी गिरावट आई है। इतना ही नहीं, भारत के एक और दिग्गज उद्योगपति की विश्व रैंकिंग गिरी है और वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी है। बता दें कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने बाद लगातार घरेलू बाजार में अडानी ग्रुप के शेयरों में गिरावट का दौर जारी है और गौतम अडानी की अमीरों की विश्व रैंकिंग भी फिसलती जा रही है, जो एक समय दुनिया की अमीर व्यक्तियों की दूसरी और तीसरी रैंकिंग तक पहुंच चुके थे।
एक दिन में इतना गिरा नेटवर्थ और पहुंचे 29वें स्थान पर गौतम
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को अडानी ग्रुप के कारोबार में 51 हजार करोड़ रुपये की गिरावट आने के बाद समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी का नेटवर्थ 42.7 अरब डॉलर रह गया है। इस नेटवर्थ के साथ गौतम अडानी दुनिया के अमीर लोगों की सूची में 29वें स्थान पर आ गए हैं। कल अडानी ग्रुप के समूह के शेयरों में हुई भारी गिरावट से गौतम अडानी का नेटवर्थ 3.39 अरब डॉलर कम हो गया है। हालांकि कुछ दिन पहले गौतम अडानी दुनिया की अमीर व्यक्तियों की सूची में वह 25वें स्थान पर थे ,लेकिन बुधवार की गिरावट ने उन्हें बड़ा झटका दिया है। हिंडनबर्ग रिपोर्ट से पहले अडानी समूह के शेयर लगातार उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे और गौतम अडानी अमीर व्यक्ति की सूचियों में तीसरे स्थान पर थे। हालांकि पिछले साल के सितंबर महीने में अडानी की नेटवर्थ 150 अरब डॉलर के साथ वे अमीर व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गये थे और इस स्थान पर पहुंचने वाले पहले एशियाई व्यक्ति थे।
मुकेश अंबानी खिसकर पहुंचे 12वें स्थान पर
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, रिलायंस कंपनी के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के नेटवर्थ पर गिरावट आई है। यह गिरावट कल बाजार में कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट के वजह से आई है। बुधवार को बाजार में रिलायंस के शेयर 35 फीसदी टूटकर 2377 रुपये पर बंद हुए थे। मुकेश अंबानी के नेटवर्थ में 1.96 अरब डॉलर की कमी आई है और वे दुनिया के अमीर व्यक्तियों की सूची में खिसकते हुए 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वे 11वें स्थान पर थे। बुधवार तक मुकेश अंबानी के पास 81.5 अरब डॉलर का नेटवर्थ था।
24 जनवरी से अडानी ग्रुप की हालत है खराब
बता दें कि 24 जनवरी को अमेरिका की शार्ट सेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट ने अडानी ग्रुप के खिलाफ एक रिपोर्ट जारी की थी। इस पर उस ने आरोप लगाया था कि अडानी ग्रुप ने अपनी कंपनियों के वैल्यू बढ़ाने के लिए शार्ट सेलिंग की है और इसके साथ कंपनियों के खाते में हेराफेरी की है। इस रिपोर्ट के बाद से लगातार अडानी ग्रुप और उसके अध्यक्ष गौतम अडानी की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है।