×

एक खबर से गौतम अडानी का हफ्ते भर में हुआ 1 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान

शेयर बाजार यानी आभासी दुनिया का बाजार। यहां उतार-चढ़ाव का क्रम बना रहता है।

Raghvendra Prasad Mishra
Published on: 19 Jun 2021 11:28 AM GMT
Gautam Adani
X

अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

नई दिल्ली: शेयर बाजार यानी आभासी दुनिया का बाजार। यहां उतार-चढ़ाव का क्रम बना रहता है। वहीं अडानी ग्रुप के शेयरों में लगातार गिरावट की वजह से इसके मुखिया गौतम अडानी के नेटवर्थ में एक सप्ताह में 14.1 अरब डॉलर मतलब तकरीबन 1,04,543 करोड़ रुपए की भारी गिरावट देखी जा रही है। बता दें कि अडानी समूह में निवेश करने वाले विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के बारे में आई एक खबर के चलते गौतम अडानी की अडानी समूह के शेयरों में जबरदस्त गिरावट आई है।

बीते हफ्ते शुक्रवार को जब शेयर मार्केट बंद हुआ था, उस समय गौतम अडानी का नेटवर्थ ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार 77 अरब डॉलर (करीब 5,70,909 करोड़ रुपए) था। मगर इस सप्ताह शुक्रवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद गौतम अडानी का नेटवर्थ घटकर 62.9 अरब डॉलर (करीब 4,66,366 करोड़ रुपए) पर आ गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि शेयर बाजार में अडानी के शेयरों में गिरावट लगातार बनी रही।

बता दें कि गत सोमवार को खबर आई कि नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) ने तीन विदेशी फंडों के अकाउंट पर रोक लगा दी है। अडानी ग्रुप की कंपनियों में इन फंडों ने 43,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसी खबर के बाद से अडानी समूह की कंपनियों के शेयर डूबने लगे।

जबकि इस खबर के आने के बाद अडानी समूह इस बारे में बयान जारी करते हुए कहा था कि ये खबर पूरी तरह निराधार और गलत तथ्यों पर आधारित है। इतना ही नहीं एनएसडीएल ने भी इससे इनकार किया। बावजूद इसके अडानी समूह के शेयरों का गोता लगाना बंद नहीं हुआ। पूरा सप्ताह अडानी ग्रुप के कई शेयरों में लगातार गिरावट का क्रम जारी रहा। एक हफ्ते में अडानी पोर्ट्स ऐंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के शेयर 144 रुपए तक टूट गए। एक सप्ताह में अडानी एंटरप्राइजेज 112 रुपए, ट्रांसमिशन 362 रुपए टूट गया। इसी क्रम में अडानी पावर 34 रुपए, अडानी टोटल गैस 367 रुपए और अडानी ग्रीन एनर्जी 164 रुपए तक टूट गया।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story