×

Good News: राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले इंडिगो ने दी खुशखबरी, 1000 रुपए तक सस्ता होगा हवाई सफर

Ram Mandir Ayodhya: देशवासियों को इस वक़्त अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का बेसब्री से इंतजार है। अयोध्या के लिए इंडिगो ने अपनी सेवा शुरू भी कर दी है। इस बीच खबर किराया सस्ता होने की जानकारी इंडिगो ने दी है।

aman
Report aman
Published on: 4 Jan 2024 12:58 PM GMT (Updated on: 4 Jan 2024 1:14 PM GMT)
Indigo Airlines News
X

Indigo Airlines News (Social Media)

Indigo Airlines News: भारत की सबसे बड़ी एयरलाइंस इंडिगो (Indigo Airlines) ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी की घोषणा के बाद फ्लाइट्स का किराया 1000 रुपए तक सस्ता हो जाएगा। गौरतलब है कि, इंडिगो की ओर से फ्लाइट किराए में कटौती का ऐलान ऐसे वक़्त हुआ है जब देश की जनता को अयोध्या राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का इंतजार है। अयोध्या एयरपोर्ट (Ayodhya Airport) से उड़ान सेवा शुरू करने वाली इंडिगो पहली कंपनी है।

उल्लेखनीय है कि, अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी को होना तय है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में मेहमान आने वाले हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद आम लोगों का सैलाब अयोध्या में उमड़ेगा। ऐसे में इंडिगो द्वारा किराए में कटौती का फायदा राम भक्तों को मिलेगा। खरमास ख़त्म होते ही शादियों का सीजन शुरू होगा, किराया कटौती से ऐसे उत्सवों में शामिल होने वालों को भी फायदा मिलेगा।

इंडिगो ने किया 'फ्यूल चार्ज' बंद करने का ऐलान

दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस (Indigo Airlines News) ने विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में कटौती के बाद हवाई यात्रा के टिकट पर वूसले जाने वाले 'फ्यूल चार्ज' (Fuel Charge) को बंद करने का ऐलान किया है। कंपनी ने गुरुवार (04 जनवरी) को को इसका ऐलान किया। जिसके बाद आने वाले दिनों में हवाई यात्रा के किराए में 1000 रुपए तक की कमी आएगी।

आज से हटाया गया फ्यूल चार्ज

जानकारी के लिए बता दें, देशभर में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में उछाल के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने पिछले साल 6 अक्टूबर से हवाई किराए के साथ फ्यूल चार्ज भी वसूलना शुरू किया था। दूरी के आधार पर यह शुल्क 300 रुपए से लेकर 1000 रुपए के बीच आता था। अब जब ATF की कीमतों में गिरावट आई है इंडिगो ने भी फ्लाइट टिकट में से फ्यूल चार्ज को हटा दिया है। इस संबंध में कंपनी का कहना है कि, वह अपने ऑपरेशन का विस्तार करने पर भी ध्यान दे रही है। इसलिए भी उसने 4 जनवरी से फ्लाइट के टिकटों पर फ्यूल चार्ज हटाने का काम किया है।

ये थी फ्यूल चार्ज की दर

आपको बता दें, अभी तक इंडिगो दूरी के हिसाब से प्रत्येक टिकट पर फ्यूल चार्ज वसूलला करती थी। एयरलाइंस 500 किलोमीटर की दूरी तक के लिए प्रति यात्री 300 रुपए वसूलती थी। वहीं, 501-1000 किलोमीटर की दूरी के लिए यह राशि 400 रुपए थी। इसी तरह, 1001 से 1500 किलोमीटर की दूरी तक के लिए 550 रुपए और 1501 से 2500 किलोमीटर के लिए 650 रुपए वसूला जाता रहा है। इसी तरह, 2501-3500 किलोमीटर के लिए 800 रुपए था। इसके अलावा, 3501 किलोमीटर तथा उससे अधिक के लिए यह राशि 1000 रुपए थी। ईंधन शुल्क हटने से इंडिगो की फ्लाइट टिकट (Indigo Flight Ticket) की कीमत कम से कम 300 रुपए से 1000 रुपए तक कम हो जाएगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story