×

Interim Budget 2024: वित्त मंत्री बोलीं- '2047 तक भारत बनेगा विकसित राष्ट्र, 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग निकले गरीबी से बाहर'

Interim Budget 2024: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश कर रही हैं। बजट भाषण में उन्होंने कहा, 'वर्ष 2047 तक भारत विकसित बन जाएगा। इस अंतरिम बजट को सबसे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दी।'

aman
Report aman
Published on: 1 Feb 2024 6:23 AM GMT (Updated on: 1 Feb 2024 6:36 AM GMT)
Interim Budget 2024
X

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Social Media)

Interim Budget 2024: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) गुरुवार (01 फ़रवरी) को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट पेश कर रही हैं। महिला वित्त मंत्री के रूप में ये उनका छठा बजट है, जिसे संसद में पेश कर रही हैं। चूंकि, ये चुनावी साल है ऐसे में पूर्ण नहीं, बल्कि अंतरिम बजट (Interim Budget 2024) पेश किया जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने पहले अंतरिम बजट में कई बड़े ऐलान किए। जिसकी कुछ महत्वपूर्ण बातें इस प्रकार हैं...

सीतारमण ने गिनाई 10 साल की उपलब्धियां

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में पेश अपने बजट भाषण में मोदी सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा, 'अर्थव्यवस्था में बीते 10 वर्षों में बड़ा सकारात्मक बदलाव देखने को मिला। उन्होंने अपनी सरकार के 'सबका साथ सबका विकास' के मंत्र को फिर दोहराया। सरकार आगे बढ़ी और हर सेक्टर पर इसका असर दिखा। सीतारमण ने कहा, 'कई नई योजनाएं शुरू की गईं। रोजगार के मोर्चे पर बड़े और महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसी तरह, ग्रामीण विकास के लिए बड़े काम किए। आवास, जल, घरेलू गैस से लेकर सभी के लिए बैंक अकाउंट खोलने के काम को तेजी से किया। केंद्र की ओर से हमने 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया है।'

वित्त मंत्री- 2047 तक देश बनेगा विकसित राष्ट्र

बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, देश में आर्थिक सुधारों की दिशा में कई बड़े कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा, जिस तरह मोदी सरकार में देश आगे बढ़ रहा है, हम वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बना देंगे। हम पारदर्शिता के साथ काम कर रहे हैं।'

10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले

निर्मला सीतारमण ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विश्वास है कि गरीब, महिला, अन्नदाता और गरीब किसान उन्नत हों। हर दिशा में तरक्की ही केंद्र सरकार की पहली प्राथमिकता है। इन्हें सशक्त करने पर हम विश्वास रखते हैं। इसी दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, गरीब का कल्याण, देश का कल्याण, बीते 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, ये हमारी उपलब्धियां हैं।'

बजट भाषण में वित्त मंत्री ने गिनाईं ये उपलब्धियां :

- 78 लाख लोगों को PM स्वनिधी योजना का लाभ मिला।

- 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए।

- जीडीपी पर सरकार ध्यान दे रही है, जिसका असर दिख रहा है।

- 30 करोड़ के ऋण मुद्रा योजना (Mudra Scheme) के तहत महिलाओं को दिए गए।

- विश्व जब गंभीर संकट से जूझ रहा था, तब भारत सबसे तेजी से आगे बढ़ा।

- जीएसटी के जरिए एक राष्ट्र एक बाजार बनाने का काम किया।

- आज भारत विश्व शक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है।

- हमारी सरकार ने तीन तलाक को खत्म करने का काम किया।

- 70 प्रतिशत से ज्यादा घर प्रधानमंत्री आवास के तहत महिलाओं को दे रहे।

- आम लोगों की औसत आय 50 फीसद से अधिक बढ़ी।

- फाइनेंशियल सेक्टर को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।

- सप्लाई चेन को मजबूत किया गया है। कोविड के बाद तेजी से उभरे हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story