×

प्रभु श्री राम विराजे...देश में हुए करीब 1 लाख कार्यक्रम, राम मंदिर के मॉडल से हुआ विशिष्ट पूजन, लगे भंडारे

Program on Ram Mandir Pran Pratistha: आज देश भर में व्यापारिक संगठनों द्वारा लगभग 10 हज़ार से अधिक एलईडी स्क्रीन लगाई गईं, जबकि बाजारों में 25 हजार से अधिक व्यापारियों ने भंडारे लगाए।

Viren Singh
Published on: 22 Jan 2024 10:35 AM GMT
Program on Ram Mandir Pran Pratistha
X

Program on Ram Mandir Pran Pratistha (सोशल मीडिया) 

Program on Ram Mandir Pran Pratistha: आज अयोध्या धाम में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश की राजधानी दिल्ली, यूपी की राजधानी लखनऊ सहित देश भर की बाजारों में हजारों अनेक प्रकार के राम कार्यक्रम आयोजित होने का तांता लगा हुआ है। देश के सभी बाजार पूरी तरह श्री राम के झंडों से पट गए हैं और रंगबिरंगी रोशनियों से नहाए हुए हैं। हर तरफ राम नाम की गूंज सुनाई दे रही है और हर शहर अयोध्या-हर घर अयोध्या का सपना साकार हुआ है। ये बातें देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कनफ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने कहीं हैं।

कश्मीर से कन्याकुमारी तक अयोध्यामय

कैट ने सोमवार को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा पर देश भर में आयोजित श्रीराम के कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आज देश भर के 30 हजार से ज्यादा व्यापारी संगठनों ने अपने अपने बाजारों में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी और उमंग को अभिव्यक्त करने के लिए 40 हजार से ज्यादा कार्यक्रमों का आयोजन कर कश्मीर से कन्याकुमारी तक को अयोध्या के रंग में रंग दिया। सारे देश में करोड़ों दीप जलाकर दिवाली मनाई गई और श्री राम के प्रति आस्था और विश्वास को व्यक्त किया। वहीं, कैट के आह्वान पर व्यापारिक संगठनों द्वारा आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार को नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश एम ब्लॉक मार्केट एसोसिएशन द्वारा सुबह श्री राम मंदिर के मॉडल के विशिष्ट पूजन से की गई। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल एवं मार्केट के प्रधान राजेंद्र शारदा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रभु श्री राम के विशाल कटआउट चित्र के आगे पूर्ण विधि विधान से श्री राम मंदिर के मॉडल का पूजन किया। मार्केट में जय श्री राम के पुरज़ोर उद्घोष के बीच राम मय वातावरण को देखते ही लग रहा था, जैसे दिल्ली अयोध्या बन गई हो।

दिल्ली में हो रहे ये राम कार्यक्रम

खंडेलवाल ने बताया कि दिल्ली भर के बाज़ारों में आज बड़ी संख्या में श्री राम के कार्यक्रम हो रहे हैं। कहीं श्री सुंदरकांड का पाठ हो रहा है तो कहीं श्री हनुमान चालीसा गाई जा रही है। राजधानी में आज 2 हज़ार से अधिक भंडारे लगे हैं। 500 से अधिक बाज़ारों में एलईडी स्क्रीन के जरिए लोगों ने अयोध्या में राममंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण दिखा। कनॉट प्लेस में नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा आज शाम को एक लाख पच्चीस हज़ार दीपों को एक साथ प्रज्वलित किये जाएंगे। इसके साथ ही, बाजारों में बड़े स्तर पर दीप जलाकर महा दीपावली भी मनाई जाएगी।

25 हजार से अधिक भंडारे आयोजित

उन्होंने बताया कि आज देश भर में व्यापारिक संगठनों द्वारा लगभग 10 हज़ार से अधिक एलईडी स्क्रीन लगाई गई। 50 हजार से अधिक स्थानों पर सुंदरकांड, हनुमान चालीसा के पाठ और कीर्तन आयोजित किए गए। करीब 10 हज़ार से अधिक संगीतमय राम गीत एवं राम भजन आयोजित हुए। लगभग 5 हज़ार श्री राम शोभा यात्रा तथा श्री राम फेरी बाज़ारों में निकली गईं, जबकि देश भर के बाजारों में व्यापारियों ने 25 हजार से अधिक भंडारों का आयोजन किया।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story