×

रिलायंस इंडस्ट्रीज करेगा मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया का अधिग्रहण, दोनों के बीच इतने में हुआ सौदा

Reliance Industries: मेट्रो एजी के सीईओ डॉ. स्टीफन ग्रेबेल ने कहा कि, मेट्रो इंडिया के साथ हम सही समय पर एक बहुत ही गतिशील बाजार में बढ़ते और लाभदायक थोक व्यापार को बेच रहे हैं। हम आश्वस्त हैं कि रिलायंस में हमें एक उपयुक्त भागीदार मिला है।

Viren Singh
Written By Viren Singh
Published on: 22 Dec 2022 6:22 AM GMT (Updated on: 22 Dec 2022 9:49 AM GMT)
Reliance Industries Acquires
X

Reliance Industries Acquires(सोशल मीडिया) 

Reliance Industries: रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) भारत में फैले कारोबार को और बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। इस कड़ी में मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली आरआईएल की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स एक कंपनी के साथ अधिग्रहण करने की घोषणा की है। रिलायंस रिटेल वेंचर्स खाद्य थोक व्यापारी कंपनी मेट्रो कैश एंड कैरी का अधिग्रह करने जा रही है। दोनों कंपनियों के बीच यह सौदा 2,850 करोड़ रुपये में तय हुआ है। फिलहाल, यह डील अगले साल मार्च महीने में पूरी होने की संभावना है।

डील से मजबूत होगा रिलायंस रिटेल का कारोबार

एक्सचेंज फाइलिंग से मिली जानकारी के मुताबिक, आरआईएल की सहायक कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स ग्राहकों और छोटे व्यापारियों की सेवा के लिए मेट्रो इंडिया की आपूर्ति श्रृंखला नेटवर्क, प्रौद्योगिकी प्लेटफॉर्म और सोर्सिंग क्षमताओं का लाभ उठाएगी, जिससे रिलायंस रिटेल की बाजार में उपस्थिति मजबूत होगी। साथ ही पंजीकृत किराना और अन्य संस्थागत ग्राहकों का एक बड़ा आधार और एक बेहद मजबूत सप्लायर नेटवर्क भी मिलेगा।

डील पर ईशा अंबानी ने कही यह बात

इस निवेश के बारे में बात करते हुए रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, "मेट्रो इंडिया का अधिग्रहण छोटे व्यापारियों और उद्यमों के साथ सक्रिय सहयोग के माध्यम से साझा समृद्धि का एक अनूठा मॉडल बनाने की हमारी नई वाणिज्य रणनीति के अनुरूप है। मेट्रो इंडिया भारतीय बी2बी बाजार में अग्रणी और प्रमुख खिलाड़ी है और इसने एक ठोस मल्टी-चैनल प्लेटफॉर्म बनाया है। हमारा मानना है कि भारतीय व्यापारी और किराना ईको सिस्टम की हमारी समझ और मेट्रो इंडिया की नए स्टोर्स मिलकर छोटे व्यवसायों के लिए वरदान साबित होंगे।"

वित्त वर्ष 2022 में RRVL रहा प्रॉफिट पर

METRO इंडिया के अधिग्रहण होने के बाद RRVL समूह में एक और कंपनी जोड़ने जा रहा रही है। इसमें किराना, परिधान, फार्मेसी, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉन्जरी, होम और फर्निशिंग, ब्यूटी और पर्सनल केयर जैसे JioMart, Ajio, Netmeds, और Zivame जैसे अन्य ओमनीचैनल व्यवसाय हैं। आपको बता दें कि 31 मार्च में समाप्त हुए वित्त वर्ष 2022में आरआरवीएल का शुद्ध लाभ 7,055 करोड़ रुपये का था। इस अवधि में इस समूह का समेकित कारोबार 1,99,704 करोड़ रुपये का रहा था।

2003 में भारत में शुरू किया कारोबार

देश में कैश-एंड-कैरी बिजनेस फॉर्मेट पेश करने वाली मेट्रो-इंडिया पहली कंपनी थी। कंपनी भारत में 2003 से काम कर रही है। लगभग 3,500 कर्मचारियों वाली यह कंपनी 21 शहरों में 31 बड़े प्रारूप वाले स्टोर चलाती है। भारत में मल्टी-चैनल B2B कैश एंड कैरी होलसेलर बिजनेस की पहुंच करीब 30 लाख ग्राहकों तक है, जिनमें से 10 लाख ग्राहक अपने स्टोर नेटवर्क और B2B ऐप के माध्यम से सक्रिय तौर पर खरीदारी करते हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 (सितंबर 2022 को समाप्त वित्तीय वर्ष) में, मेट्रो इंडिया ने 7700 करोड़ रुपये की बिक्री की थी। यह कंपनी का भारत में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था।

इस डील से ग्राहक और कर्मचारी होंगे लाभान्वित

इस अधिग्रहण पर मेट्रो एजी के सीईओ डॉ. स्टीफन ग्रेबेल ने कहा कि मेट्रो इंडिया के साथ हम सही समय पर एक बहुत ही गतिशील बाजार में बढ़ते और लाभदायक थोक व्यापार को बेच रहे हैं। हम आश्वस्त हैं कि रिलायंस में हमें एक उपयुक्त भागीदार मिला है, जो इस बाजार के माहौल में भविष्य में मेट्रो इंडिया का सफलतापूर्वक नेतृत्व करने के लिए इच्छुक और सक्षम है। यह एक तरफ हमारे ग्राहकों और हमारे कर्मचारियों दोनों को लाभान्वित करेगा।

Viren Singh

Viren Singh

पत्रकारिता क्षेत्र में काम करते हुए 4 साल से अधिक समय हो गया है। इस दौरान टीवी व एजेंसी की पत्रकारिता का अनुभव लेते हुए अब डिजिटल मीडिया में काम कर रहा हूँ। वैसे तो सुई से लेकर हवाई जहाज की खबरें लिख सकता हूं। लेकिन राजनीति, खेल और बिजनेस को कवर करना अच्छा लगता है। वर्तमान में Newstrack.com से जुड़ा हूं और यहां पर व्यापार जगत की खबरें कवर करता हूं। मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई मध्य प्रदेश के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्विविद्यालय से की है, यहां से मास्टर किया है।

Next Story