×

किसानों को 'दिवाली गिफ्ट': मोदी सरकार ने गेहूं सहित 6 रबी फसलों की बढ़ाई MSP, यहां देखें बढ़ी दरें

कैबिनेट ने गेहूं की MSP में 110 रुपए की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। जिसके बाद अब 2023-24 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,125 रुपए प्रति क्विंटल हो चुका है।

aman
Written By aman
Published on: 18 Oct 2022 8:31 AM GMT (Updated on: 18 Oct 2022 9:06 AM GMT)
union cabinet increases msp, msp increase for rabi crops, rabi crops msp season 2023-24, new rates of rabi crops
X

प्रतीकात्मक चित्र 

Cabinet increases MSP for Rabi Crops : केंद्रीय मंत्रिमंडल (Union Cabinet Wheat MSP) ने मंगलवार (18 अक्टूबर 2022) को रबी फसलों (Rabi Crops) के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP तय किए हैं। कैबिनेट ने गेहूं की MSP में 110 रुपए की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। जिसके बाद अब 2023-24 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,125 रुपए प्रति क्विंटल हो चुका है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Union Minister Anurag Thakur) ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन सीजन 2023-24 (Marketing Season 2023-24) के लिए सभी रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी को मंजूरी दी है।

किस फसल में हुई कितनी वृद्धि?

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि, आज हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 2023-24 के लिए कुल 6 रबी फसलों की एमएसपी तय की गई है। इनमें गेहूं के लिए 110 रुपए, जौ में 100 रुपए, मसूर के MSP में अधिकतम 500 रुपए प्रति क्विंटल की मंजूरी दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने इसके अलावा बताया कि, चना में 105 रुपए, सरसों में 400 रुपए तथा कुसुम में 209 रुपए की वृद्धि की गई है।

गेहूं अब 2125 तो मसूर..

MSP में वृद्धि के बाद अब गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 रुपए क्विंटल हो गया है। जबकि, जौ की MSP में 100 रुपए वृद्धि के बाद मूल्य 1735 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। इसी तरह, चने की एमएसपी में 105 रुपए की वृद्धि हुई है जिसके बाद अब इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 5335 रुपए क्विंटल हो गया है। मसूर की MSP में 500 की वृद्धि के साथ अब मूल्य 6000 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। अनुराग ठाकुर ने कहा, कि रिप्सिड सरसों की MSP में 400 रुपए की वृद्धि की गई है।

पिछले साल भी MSP में हुई थी वृद्धि

आपको बता दें कि, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले साल भी रबी सीजन की 6 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की थी। तब सबसे अधिक वृद्धि सरसों और मसूर में 400-400 रुपए प्रति क्विंटल की गई थी। जबकि, MSP में सबसे कम वृद्धि जौ में हुई थी। केंद्र सरकार ने गेहूं, चना, जौ, मसूर, सरसों तथा सूरजमुखी के सरकारी खरीद मूल्य में इजाफा किया था। जौ की MSP 1600 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 1635 रुपए हो गई थी। इसी तरह चने की एमएसपी में 130 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। उस वक़्त इसकी कीमत 5,230 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित हुई थी। इसी प्रकार मसूर की MSP में 400 रुपए, सरसों की 400 रुपए और सूरजमुखी की MSP में 114 रुपए का इजाफा करने का फैसला किया गया था।

कृषि मंत्रालय ने भेजी थी सिफारिशें

आपको बता दें कि, हाल ही में कृषि मंत्रालय ने गेहूं और दाल सहित छह रबी फसलों के एमएसपी में वृद्धि की सिफारिश की थी। न्यूनतम समर्थन मूल्य समिति से सिफारिशें प्राप्त करने के बाद MSP में 9 प्रतिशत तक की वृद्धि का प्रस्ताव दिया गया था। इसके बाद सिफारिशों को अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल को भेजा गया था।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story