Barabanki News: अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बाराबंकी में सपा का प्रदर्शन

Newstrack
Published on: 2021-10-04 08:40:43.0

Barabanki News सरफराज वारसी के अनुसार लखीमपुर जा रहे अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बाराबंकी में सपा का प्रदर्शन हुआ, पूर्व मंत्री ने कहा आखिरी दम तक हम किसानों के साथ हैं। लखीमपुर खीरी कांड और लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन हो रहा है। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे सपा कार्यकर्ता अखिलेश यादव को रिहा करने की मांग कर रहे हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ में गिरफ्तार करने की सूचना आते ही बाराबंकी में सपा के कार्यकर्ता शहर के छाया चौराहे पर जुट गए। पुलिस द्वारा जब उन्हें रोका गया तो सभी कार्यकर्ता जमीन पर बैठ कर अपने को लोहे की बेड़ियों से बांधकर प्रदर्शन करने लगे। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सपा नेता अखिलेश यादव को रिहा करने के साथ ही लखीमपुर में किसानों की हत्या के आरोपियों को सख्त सजा दिलाए जाने की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के अंदर कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। कल हमारे देश के अन्नदाता किसान शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। जहां सरकार की बर्बरता देखने को मिली है। हमारे किसान वहां शहीद हो गए। उनके परिवारों से मिलने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जा रहे थे। उनको पहले घर में नजरबंद किया गया और फिर गिरफ्तार किया गया। हम सभी समाजवादी कार्यकर्ता इसके खिलाफ धरने पर बैठे हैं। हमारी मांग है कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिहा किया जाए और जो किसान शहीद हुए हैं। उनके परिवार को दो-दो करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए और हमारी मांग है कि गृह राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री तत्काल इस्तीफा दें और दोषियों को 302 के तहत जेल भेजा जाए। समाजवादी पार्टी अंतिम दम तक किसानों के साथ है।

Newstrack

Newstrack

Next Story