UP Byelection 2024: यूपी उपचुनाव से पहले BSP को करारा झटका, डॉ. चारूकेन कांग्रेस में हुईं शामिल

UP Byelection 2024: साल 2022 में बसपा से खैर विधानसभा से उम्मीदवार रहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह गुड्डू की पुत्रवधू डॉ. चारूकेन ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 5 Oct 2024 12:23 PM GMT (Updated on: 5 Oct 2024 12:45 PM GMT)
Aligarh News
X

डॉ. चारूकेन कांग्रेस में हुईं शामिल (न्यूजट्रैक)

UP Byelection 2024: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने अलीगढ़ की खैर विधानसभा पर बहुजन समाज पार्टी को करारा झटका दिया है। साल 2022 में बसपा से खैर विधानसभा से उम्मीदवार रहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह गुड्डू की पुत्रवधू डॉ. चारूकेन ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

वह नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं और पार्टी का दामन थाम लिया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने डॉ. चारूकेन को ऑनलाइन सदस्यता दिलाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अलका लांबा ने कहा कि डॉ. चारूकेन के पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने महिला कांग्रेस को मजबूत करने और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की नीतियों को आगे बढ़ाने का भी आव्हान किया।

इस अवसर पर बसपा की पूर्व विधायक उम्मीदवार रहीं डॉ. चारूकेन ने कहा कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के विचारों से बेहद प्रभावित हैं। वह कांग्रेस के ‘नारी न्याय’ के नारे से प्रभावित होकर कांग्रेस से जुड़ी हैं। डॉ. चारूकेन ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। यह बेहद शर्म और चिंता का विषय है।

साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अधिकतर अपराधों में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात सामने आती है। वहीं महंगाई पर हमला बोलते हुए डॉ. चारूकेन ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई के चलते भी महिलाओं की कमर टूट गयी है। महिलाओं को उनके काम के हिसाब से समान वेतन भी नहीं मिल रहा है। साथ ही न्यूट्रीशन न मिलने की वजह से वह लगातार बीमार पड़ रही हैं।

चारूकेन के कांग्रेस में शामिल होने से बिगड़ेगा भाजपा का समीकरण

यूपी में होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले चारूकेन का कांग्रेस में शामिल होना भाजपा के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। साल 2022 में बसपा से खैर विधानसभा सीट से उम्मीदवार रहीं डॉ. चारूकेन 65 हजार से अधिक वोट पाकर दूसरे नंबर पर रही थीं।

जाट बाहुल्य खैर से चौधरी तेजवीर सिंह गुड्डू की पुत्रवधू डॉ. चारूकेन के कांग्रेस में शामिल होने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तेजवीर सिंह गुड्डू का जनपद में वर्चस्व है। जिसका लाभ खैर सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस को मिलना तय है। सियासी गलियारों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस खैर सीट पर होने पर उपचुनाव में चारूकेन को पार्टी उम्मीदवार बना सकती है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story