×

शाहजहांपुर में बच्चा चोर महिला साथी समेत गिरफ्तार, चोरी गया मासूम बरामद

By
Published on: 1 Sep 2016 9:36 PM GMT
शाहजहांपुर में बच्चा चोर महिला साथी समेत गिरफ्तार, चोरी गया मासूम बरामद
X

शाहजहांपुरः जीआरपी ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म से बच्चे चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला है। महिला से चोरी किया गया बच्चा बरामद हुआ है। इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी मिली हैं। गैंग के तीसरे सदस्य की तलाश की जा रही है।

बच्चा कहां से चुराया?

21 अगस्त को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सो रही खदीजा का बच्चा चुरा लिया गया था। महिला को उसके पति ने छोड़ दिया था। वह इसके बाद बच्चे के साथ स्टेशन और आसपास भीख मांगती थी। खदीजा ने बच्चा चोरी होने की जानकारी जीआरपी को दी थी। जिसके बाद गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया था।

मुखबिरों ने कराया गिरफ्तार

जीआरपी ने बच्चा चोर गिरोह को दबोचने के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया। जानकारी मिलने पर तिलहर रेलवे स्टेशन से दीपा उर्फ खुशी नाम की महिला और हरविंदर सिंह को पकड़ा गया। इनके पास से खदीजा का बच्चा मिल गया। दोनों ने बताया कि वे बच्चों को चोरी कर बेच देते थे। दीपा लखीमपुर खीरी की रहने वाली है। वहीं, हरविंदर शाहजहांपुर का है। दोनों ने बच्चे को बेचने की तैयारी कर ली थी और दीपा ने बच्चे को अपनी सहेली को दे दिया था। वह बच्चा लेकर लौटी थी और पुलिस के हत्थे चढ़ गई।

Next Story