×

भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी लापता, तलाश में जुटी एंटीगुआ पुलिस

Mehul Choksi : देश से फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी अब एंटीगुआ (Antigua) से भी लापता हो गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shivani
Published on: 25 May 2021 3:14 AM GMT
Mehul Choksi
X

मेहुल चोकसी (फाइल फोटो)

Mehul Choksi : पीएनबी घोटाले (PNB Scam) के बाद देश से फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी अब एंटीगुआ (Antigua) से भी लापता हो गया है। अधिकारियों के साथ ही चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने एंटीगुआ से मेहुल के लापता (Mehul Choksi Missing) हो जाने की पुष्टि की है। एंटीगुआ भागने से पहले चोकसी पर पीएनबी से 13578 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी व 7080 करोड़ रुपए के गबन करने का आरोप है। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद भारतीय एजेंसियों को चौकसी की जोरशोर से तलाश है।

घर से खाना खाने निकला था चोकसी

चोकसी के वकील विजय अग्रवाल का कहना है कि सोमवार को वह अपने घर से एंटीगुआ के दक्षिणी हिस्से में एक प्रसिद्ध रेस्तरां में रात का खाना खाने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक चोकसी की कार देर शाम जॉली हार्बर में पाई गई है, लेकिन उसमें चौकसी नहीं था।
एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में अग्रवाल ने कहा कि चोकसी के लापता हो जाने से परिवार के सदस्य चिंतित और परेशान हैं। परिवार के लोगों को अभी तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है और वे चोकसी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। एंटीगुआ पुलिस चोकसी के लापता हो जाने के घटना की जांच कर रही है।

घोटाले के बाद फरार हुआ था चोकसी

पीएनबी घोटाला घोटाले के मामले में चोकसी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने चोकसी को वांटेड घोषित कर रखा है। धोखाधड़ी करने के बाद चोकसी 4 जनवरी 2018 को देश छोड़कर भाग निकला था और बाद में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।

चोकसी के खिलाफ चार्जशीट में ईडी ने दावा किया था कि चोकसी ने भारतीय बैंकों के साथ ही दुबई और अमेरिका में भी ग्राहकों और ॠणदाताओं को धोखा दिया है। भारत में इतना बड़ा घोटाला करने वाले चोकङसी की ढाई हजार करोड़ की संपत्ति अभी तक कुर्क की जा चुकी है।

इस तरह हासिल की थी नागरिकता

हीरा कारोबारी चोकसी ने 2017 में निवेश कार्यक्रम के जरिए एंटीगुआ और बरमुडा की नागरिकता हासिल करने में कामयाबी हासिल की थी। इसके कुछ समय बाद ही पीएनबी का बड़ा घोटाला सामने आया था जिसमें राहुल चोकसी मुख्य आरोपी है। मामले के खुलासे के बाद 2018 में चोकसी एंटीगुआ भाग निकला था। माना जा रहा है कि घोटाले से पहले ही उसने अपनी फरारी के लिए पूरी तैयारी कर ली थी।

चोकसी ने दी अदालत में चुनौती

एंटीगुआ और बरमुडा की ओर से इस साल मार्च की शुरुआत में चोकसी की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। भारत की ओर से भी लगातार इस बात के लिए दबाव डाला जा रहा है। प्रक्रिया की शुरुआत के बाद चोकसी ने सरकार की ओर से उठाए गए इस कदम को अदालत में चुनौती दी थी।

एंटीगुआ और बरमुडा की ओर से उठाए गए इस बड़े कदम के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी बड़ा दावा किया था। उन्होंने भगोड़े मेहुल चोकसी, नीरव मोदी और विजय माल्या के भारत वापस आने का दावा किया था। हालांकि केंद्रीय एजेंसियों की तमाम कोशिशों के बावजूद अभी तक इन तीनों में से किसी की भी भारत वापसी नहीं हुई है।
Shivani

Shivani

Next Story