×

मेरठ में लूट के विरोध पर दिल्ली पुलिस के सिपाही की हत्या

sudhanshu
Published on: 14 Oct 2018 2:13 PM GMT
मेरठ में लूट के विरोध पर दिल्ली पुलिस के सिपाही की हत्या
X

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठजिले के थाना खरखौदा में आज हथियारबंद बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर दिल्ली पुलिस के सिपाही की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय सिपाही पत्नी और तीन बच्चों के साथ सैंट्रो में सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। घटना में सिपाही की बेटी को भी छर्रे लगे हैं। उसका सीएचसी में उपचार कराया गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कैली गांव में जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिसऔर प्रशासनिक अफसरों द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला। हमलावर बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घटनास्थल क्षेत्र व आसपास के इलाकों की कांबिंग भी की,लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नही आ सके।

ये है मामला

किला परीक्षिगढ़ पुलिस के अनुसार मृतक का नाम सरबजीत(३३) पुत्र हरजीत निवासी बढ़ला गांव है। मृतक दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल था। वह दो दिन पहले घर पर आया था। रविवार की सुबह पत्नी संगीता और तीन बच्चों के साथ खरखौदा क्षेत्र के ही कबट्टा गांव में गुरुद्वारे की स्थापना पर आयोजित जलसे में शामिल होने गया था। दोपहर बाद वहां से लौटते वक्त बावनपुरा के जंगल में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी कार को रोकने का प्रयास किया। कार नहीं रोकी तो बदमाशों ने शीशे में डंडे मारे। इसके बाद कार एक खेत में घुस गई। टूटे हुए शीशे में से बदमाशों ने सरबजीत को गोली मार दी।

घटना के बाद हमलावर हथियार हवा में लहराते हुए फरार हो गए। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने सरबजीत को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से गुस्साए मृतक व आसपास के ग्रामीणों द्वारा कैली चौराहे पर जाम लगाया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशानिक अफसरों ने ग्रामीणों को समझा-बुझा कर जाम खुलवाया।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story