×

Sonbhadra: शादी के 32 साल बाद महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर दर्ज कराया मुकदमा, लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

Sonbhadra: यूपी के सोनभद्र जिले से शादी के 32 साल बाद महिला द्वारा ससुराल वालों पर प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराने का मामला सामने आया है।

Kaushlendra Pandey
Published on: 19 Aug 2021 2:41 PM GMT
dowry harassment
X

दहेज उत्पीड़न (फोटो- सोशल मीडिया)

Sonbhadra: यूपी के सोनभद्र जिले से शादी के 32 साल बाद महिला द्वारा ससुराल वालों पर प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराने का मामला सामने आया है। 32 वर्ष पूर्व अहरौरा (मिर्जापुर) की बेटी की घोरावल थाना क्षेत्र के धनावल गांव में शादी हुई थी। महिला के तीन बच्चे हैं, जिनकी उम्र 26 साल और 25 साल की दो बेटियां, 20 साल का एक बेटा है।

शादी के इतने सालों बाद अब जाकर महिला ने अपने पति, देवर और ससुर के खिलाफ घोरावल थाने में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जहां इसको लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं इलाके में यह मुकदमा चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्रताड़ित करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मिर्जापुर जिले के अहरौरा गांव निवासी अनीता पांडेय की घोरावल क्षेत्र के धनावल गांव में विनोद पांडेय से 32 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों के संयोग से 26 वर्ष की एक पुत्री, 25 वर्ष की पुत्री तथा 20 वर्ष का एक पुत्र है। दोनों बेटियां और बेटा उनके साथ ही रहते हैं।

पुलिस को दी तहरीर में अनीता पांडेय ने कहा है कि उनका विवाह विवाह लगभग 32 वर्ष पूर्व धनावल निवासी मनोज पांडेय के साथ हुआ था। उसके कुछ साल बाद से ही पति मनोज पांडेय, देवर विनोद पांडेय और ससुर दहेज के लिए प्रताड़ितत करने लगे। तहरीर में अभी भी प्रताड़ना का क्रम जारी रखने का आरोप लगाया गया है।

पहले तो पुलिस अचकचाई लेकिन पीड़िता द्वारा अपनी बात पर अड़े रहने के कारण पुलिस ने पति, देवर और ससुर के खिलाफ धारा 323, 506, 498ए आईपीसी तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गुरुवार को छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस का कहना था कि तहरीर में जो आरोप लगाए गए हैं, उसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उप निरीक्षक जय प्रकाश शर्मा ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की। कहा कि जांच के दौरान आरोप साबित हुए तो आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बता दें कि अमूमन दहेज प्रताड़ना के मामले शादी के 10 साल के भीतर ही सामने आते हैं। लेकिन शादी के 32 वर्ष बाद दर्ज कराया गया दहेज उत्पीड़न का मुकदमा इलाके में खासा चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच का क्या परिणाम आता है? इस पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story