UP Crime News: एक क्लिक में पढ़ें उत्तर प्रदेश की सभी क्राइम की खबरें

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आपराधिक घटना की खबरें आई हैं। इन खास खबरों को एक नजर में आप जान सकते हैं।

Network
Newstrack NetworkPublished By Dharmendra Singh
Published on: 30 July 2021 12:42 PM GMT (Updated on: 12 Aug 2021 5:54 PM GMT)
Lucknow Crime News
X

मृतक युवक का शव (फोटो: न्यूजट्रैक)

up crime news: उत्तर प्रदेश के कई जिलों से आपराधिक घटना की खबरें आई हैं। इन खास खबरों को एक नजर में आप जान सकते हैं। तो आइए इन खबरों पर एक नजर डालते हैं....

लखनऊ: नहर में अज्ञात युवक का मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

राजधानी के मानकनगर थाने के अंतर्गत कनौसी नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक का शव क्षत विक्षत है। इसका दाहिना हाथ नहीं है। बताया गया है कि युवक का शव पारा की ओर से बहकर आया है।
इस शव के बारे बताया गया है कि मृतक युवक पूर्व से दिव्यांग है। थाना मानक नगर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा दिया है। पुलिस अभी तक शव की शिनाख्त नहीं कर सकी है।
नहर में युवक के शव मिलने की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर मानकनगर अजय कुमार पुलिस टीम के साथ नहर पर पहुंचे और कुछ लोगों की मदद से शव नहर से बाहर निकलवाया।
थाना मानक नगर के इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मृतक युवक का गोल चेहरा है, चहरे पर दाढ़ी है। मृतक हल्के कत्थई कलर की कमीज व काले रंग का जांगिया पहने हुए है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नहर में मिले युवक की शव की शिनाख्त करवाने में पुलिस की मदद करें,ताकि इस युवक की जल्द से जल्द शिनाख्त हो सके।
हाथरस: मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार

थाना हाथरस जंक्शन पुलिस एवं एसओजी टीम की संयुक्त कार्यवाही में कस्बा हाथरस जंक्शन बंगीची जंगलेश्वर मंदिर तथा जनपद के अन्य मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले गैंग के 4 शातिर अभियुक्तों गिरफ्तार किया किया गया है। इनके कब्जे से चोरी के पीतल के 11 घंटे तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, प्लास एवं अवैध असलहा व कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के आदेशानुसार, अपराधियों की धर पकड़ हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस को यह सफलता मिली है। अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के 11 घंटे पीतल, और घटना में प्रयुक्त एक प्लास एवं दो लोहे की रॉड तथा एक चाकू तथा दो तमंचा 315 बोर, 4 कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं ।
एएसपी प्रकाश कुमार ने कहा कि गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना हाथरस जंक्शन पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्रांन्तर्गत कस्वा के बगीची जंगलेश्वर मंदिर से घंटे चोरी हो जाने पर शम्भूदयाल बाबा पुजारी निवासी कस्वा हाथरस जक्सन बंगीची जंगलेश्वर थाना हाथरस जंक्शन पर लिखित तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया था।

बलिया: 8 लाख से ज्यादा की लूट का खुलासा
उत्तर प्रदेश के बलिया में बांसडीह थाना के पिंडहरा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप लूट की घटना का एसपी डॉ विपिन ताडा ने खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार 23 जुलाई के शाम को 8 लाख 88 हजार की लूट हुई थी। इस लूट का मास्टरमाइंड पेट्रोल पंप का मैनेजर संजय गोंड़ था। इतना ही नहीं उक्त लाखों रुपये का पहले ही आपस में बंटवारा हो गया था। केवल खाली झोला ही गायब था। पुलिस अधीक्षक विपिन ने बताया कि 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। 6 लाख 50 हजार बरामद भी हुआ है। शेष दो लोग अभी फरार हैं जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सोनभद्र: खेल ग्राउंड में युवक का मिला शव, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हाइडिल मैदान (खेल ग्राउंड) में शुक्रवार को वहां रखे गए बिजली के खंभों पर एक युवक शव मिला है। अभी मृतक कांशीराम कालोनी में रहता था। मूलतः वह मिर्जापुर जिले के अदलहाट का रहने वाला था। उधर उसकी पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। इसके लिए उसके महिला मित्र को जिम्मेदार बताया है और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि सुबह आठ बजे सूचना मिली थी कि हाइडिल मैदान के एक छोर पर रखे बिजली के खंभों पर एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। इसके बाद उसके शिनाख्त की कोशिश शुरू कर दी गई।
दोपहर बाद तीन बजे जाकर शव की शिनाख्त जितेंद्र प्रसाद ( 32 ) पुत्र टेंगर प्रसाद निवासी कांशीराम आवास कालोनी के रूप में की गई और उसे मिर्जापुर जिले में अदलहाट थाना क्षेत्र के लिझरी गांव का मूल निवासी बताया गया। जानकारी मिलने के बाद पीएम हाउस पहुंची पत्नी प्रमिला ने भी जितेंद्र का शव होने की पुष्टि की। पति की हत्या किए जाने का आरोप लगते हुए कहा कि उनका एक महिला से अवैध संबंध था। उसी ने बृहस्पतिवार की शाम को फोन कर उसे अपने यहां बुलाया हुआ था। उसके बाद से ही वह लापता थे। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि उसी महिला ने उसके पति की हत्या की है।
कांशीराम आवास कालोनी स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना है कि मौत का कारण क्या है? यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। हालांकि मृतक की पत्नी ने जो तहरीर दी है। उसके आधार पर जांच की जा रही है।

रायबरेली: संदिग्ध परिस्थितियों में जन सेवा केंद्र के संचालक की मौत
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में जनसेवा केंद्र के संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसके शरीर पर मिले चोट को देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजकर छानबीन शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र का है। यहां रायबरेली-महाराजगंज रोड पर अंजनी ट्रेडर्स के पास सहज जन सेवा केंद्र है जिसके संचालक नंदा का पुरवा डिडौली निवासी अंकुर चौधरी मरणासन्न अवस्था में गुरूवार देर रात पड़ा था। गढ़ी गांव के कुछ लोगों ने जैसे ही देखा वो निजी गाड़ी से उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद लोगों ने आनन-फानन में नंबरों की तलाश कर परिवारीजनों को सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे। मृतक के सीने पर गहराई में गोली लगने जैसे निशान दिखे। इससे परिवारीजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
बता दें कि अंकुर का मकान हाईवे के किनारे बना है परिवार के लोग इसी में रहते हैं। मृतक की अभी शादी भी नहीं हुई थी। फिलहाल थानाध्यक्ष बृजेश कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना में युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। अभी यह नही कहा जा सकता है कि उसकी हत्या की गई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखा जाम लगा दिया जिससे एनएच 30 पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सिद्धार्थनगर: 22 वर्षीय युवक के शव मिलने से सनसनी
सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थानाक्षेत्र के बहोरवा गांव मे एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना की जानकारी तब हुई जब गांव के लोग खेतों की तरफ गए तो वहां नदी किनारे युवक के शव को देखकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो पता चला कि यह युवक बहोरवा गांव का बाबू राम निषाद है और इंटरमीडिएट का छात्र है।
परिजनों के अनुसार मृतक रात में गायों को भगाने के लिए खेत गया था, लेकिन फिर नहीं लौटा। आज सुबह पता चला कि इसकी गांव के ही 3 लोगों ने हत्या करके वहीं फेक दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने बताया यह मामला बहोरवा घाट थाना मिश्रौलिया क्षेत्र का गांव है। जंहा एक 22 वर्षीय नवयुवक के साथ घटना हुई है। इसकी गांव के व्यक्तियों द्वारा हत्या कर दी गई है। यह आरोप गांव के लोगों ने लगाया है। हमारी 3 टीम लगी हुई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

सीतापुर: बेटे ने मां की फावड़े से गर्दन काटकर की निर्मम हत्या

सीतापुर में हत्या की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जिसमें एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। कलयुगी बेटे ने अपनी मां की फावड़े से गर्दन काट कर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटा मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वहीं इस घटना की जानकारी जैसे ही परिवार वालों को हुई परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
बता दें कि लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ताहपुर में मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटे राम भारत ने अपनी मां सुशीला को फावड़े से काटकर उसकी हत्या कर दी। कलयुगी बेटे राम भारत ने अपनी मां की गर्दन पर ताबड़तोड़ फावड़े से कई प्रहार कर दिए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया।
महोबा: महिला लेखपाल के साथ शादी का झांसा देकर रेप
महोबा में एक महिला लेखपाल के साथ शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़िता न्याय के लिए भटक रही है। महोबा में कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के चकबंदी ऑफिस में तैनात महिला लेखपाल ने अपने ही सहकर्मी साथी पर शादी का झांसा देकर महीनों शारीरिक शोषण व दुष्कर्म करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है
परेशान महिला लेखपाल ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल शिकायत के 11 दिन बाद भी आरोपी खिलाफ कार्यवाही ना होने से महिला लेखपाल बेहद परेशान हैं।
पीड़िता बताती है कि कुलपहाड़ तहसील के चकबंदी विभाग में तैनात विजय नारायण यादव लेखपाल ने बीते 3 माह पहले दोस्ती का ऑफर दिया था। यह व्यक्ति हमको रोजाना महोबा आने पर बस स्टैंड से लाने ले जाने का काम भी करने लगा था। हम दोनों के बीच दोस्ती प्यार में बदल गई और तभी विजय नारायण यादव ने शादी का झांसा देकर मेरे साथ कई बार शारीरिक संबंध बना लिए थे। कई बार शारीरिक संबंध बनने के बाद मेरे द्वारा शादी की बात कहने पर विजय नारायण ने मुझसे शादी करने से इनकार कर रहा है। मेरे साथ शारीरिक शोषण के बावजूद शादी ना करने के मामले की शिकायत मैंने बीते 19 जुलाई को महोबा पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह से की थी। बावजूद अब तक आरोपी खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इस घटना को लेकर मैं बेहद परेशान हूं और अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही हूं।

बस्ती: जमीनी विवाद में महिला की जमकर पिटाई

बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में जमीनी विवाद में एक महिला की जमकर पिटाई की गई। महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पिटाई के दौरान महिला अर्धनग्न भी हो गई, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई अभी तक नहीं की है।
महिला ने आरोप लगाया कि मेरे पाटीदार सभाजीत मौर्य जबरन मेरी जमीन को कब्जा करना चाह रहे हैं। आए दिन मारपीट पर उतारू रहते हैं जिसको लेकर 29 जुलाई सुबह 9:00 बजे सभाजीत जबरन मुझे गाली देने लगे जिसको लेकर मेरे मना करने के बावजूद जबरन मुझे सभाजीत मौर्य और उनके परिवार के लोग मारने लगे और हम अर्धनग्न हो गए। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

कौशांबी: बागवान हत्याकांड में सभी आरोपी गिरफ्तार

कौशांबी कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढा गांव के कैलाश पांडेय की बाग की रखवाली कर रहे बृजलाल सोनकर की हत्या 28 जुलाई की रात कर दी गई थी। पत्नी ने 5 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सभी को जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि आम तोड़ने को लेकर बागवान की पत्नी ने हमलावरों को चप्पलों से पीटा था जिससे आक्रोशित हमलावर बदला लेने बाग पर गए थे, लेकिन मारपीट के दौरान बृजलाल की मौत हो गई है।


सोनभद्र: केवाइसी अपडेटेशन के नाम पर खाते से उड़ा लिए 1.5 लाख

पिपरी थाना क्षेत्र के रेणुकूट में एक महिला के खाते से केवाईसी अपडेट करने के नाम पर ओटीपी लेकर 1.5 लाख उड़ा लिए गए। सूचना मिलने पर सक्रिय हुए साइबर सेल ने छानबीन कर 80 हजार रुपए वापस कराने में कामयाबी पा ली है। शेष के लिए प्रयास जारी है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने लोगों से किसी भी दशा में फोन पर पर ऐसे ओटीपी शेयर न करने और साइबर क्राइम के मामले में समय से सूचना देने की अपील की है।
बताया गया कि रेणुकूट निवासी नीतू सिंह को गत 13 जुलाई को सुबह साढ़े दस बजे एक व्यक्ति का फोन आया कि वह स्टेट बैंक का अधिकारी बोल रहा है। उनके खाते की केवाईसी अपडेट की जानी है। वाहन का खाता नंबर और जरूरी डिटेल बता रहा है। कृपया यस-नो में उत्तर देते जाएं। जानकारी लेने के बाद कहा कि मोबाइल पर ओटीपी आई है उसे बता दें और आधे घंटे बाद बैंक शाखा आकर केवाईसी अपडेशन की प्रक्रिया पूरी करा लें। इस बात पर विश्वास कर उन्होंने ओटीपी नंबर बता दिया। आधे घंटे बाद बैंक पहुंची तब तक उनके खाते थे एक लाख पचास हजार रुपये उड़ाए जा चुके थे।

कौशाम्बी: गांजा के साथ एक गिरफ्तार

पुलिस ने एक शख्स को 250 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम तौसीफ है जो पारा हसनपुर थाना करारी रहने वाला है।









Dharmendra Singh

Dharmendra Singh

Next Story