×

विवेक तिवारी मर्डर इफ़ेक्ट: बदले जा सकते हैं ADG L/O, लखनऊ SSP की भी हो सकती है छुट्टी 

sudhanshu
Published on: 30 Sep 2018 12:34 PM GMT
विवेक तिवारी मर्डर इफ़ेक्ट: बदले जा सकते हैं ADG L/O, लखनऊ SSP की भी हो सकती है छुट्टी 
X

लखनऊ: यूपी पुलिस में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट है। विवेक तिवारी हत्याकाण्ड के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेर बदल होने जा रहा है। क़ानून व्यवस्था की ज़िम्मेदारी संभालने वाले सबसे बड़े अफसर एडीजी क़ानून व्यवस्था आनन्द कुमार को हटाए जाने की चर्चा है। एडीजी क़ानून व्यवस्था की रेस में बृज भूषण शर्मा सब से आगे बताये जा रहे हैं। इस फेर बदल में लखनऊ के पुलिस कप्तान और आईजी रेंज की कुर्सी भी खतरे में बताई जा रही है। पुलिस की बिगड़ी छवि को लेकर सीएम की नाराज़गी के चलते कई सीनियर पुलिस अफसर साईड लाइन किये जा रहे हैं, जबकि साईड लाईन में पड़े कई अफसरों को फील्ड में भेजा जा रहा है।

शर्मसार हुई खाकी

एप्पल के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी हत्याकाण्ड ने यूपी पुलिस की चूलें हिला दी हैं। राजधानी में हुई शर्मसार कर देने वाली इस घटना के बाद उच्च स्तर बड़े फेरबदल की तैयारी चल रही है। गृह विभाग के बड़े अफसरों के बीच फेर बदल को लेकर मंथन चल रहा है।

खबर है, कि बिगड़ी क़ानून व्यवस्था का ठीकरा एडीजी क़ानून व्यवस्था आनन्द कुमार पर फोड़ा जा रहा है। उनकी जगह एडीजी क़ानून व्यवस्था की रेस में 1991 बैच के बृज भूषण शर्मा सबसे आगे बताये जा रहे हैं। इसी तरह 1989 बैच के आदित्य मिश्रा और 1992 बैच के आशुतोष पाण्डेय को भी फील्ड में भेजे जाने की चर्चा है। आदित्य मिश्रा यूपी 100 के मुखिया हैं, जबकि आशुतोष पाण्डेय टेक्निकल सर्विस के चीफ हैं।

इसी तरह पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद में पोस्ट नवनीत सिकेरा का वनवास भी खत्म होने जा रहा है। उनको पश्चिमी यूपी के महत्वपूर्ण रेंज में ज़िम्मेदारी मिलने की चर्चा है। आईजी फायर सर्विस डॉ एन रवीन्द्र को भी फील्ड में भेजे जाने की चर्चा है।

इनकी कुर्सी पर भी खतरा

फेरबदल के तहत एडीजी जोन बरेली प्रेम प्रकाश और एडीजी ज़ोन इलाहाबाद एस एन साबत का भी विकेट गिर सकता है। लखनऊ में हुई घटना के बाद राजधानी पुलिस के मुखिया कलानिधि नैथानी और आईजी रेंज सुजीत पाण्डेय को हटाया जा सकता है। 2010 बैच के कलानिधि नैथानी पर आरोपी को बचाने की कोशिश का आरोप लग रहा है। फेर बदल के तहत आईजी मेरठ राम कुमार का विकेट गिरना तय माना जा रहा है, जबकि आईजी कानपुर आलोक सिंह को शिफ्ट कर महत्वपूर्ण रेंज की ज़िम्मेदारी दी जा सकती है। फेर बदल के तहत बरेली, आगरा और फैज़ाबाद समेत आधा दर्जन बड़े ज़िलों के पुलिस कप्तान बदले जाने पर मंथन चल रहा है।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story