×

महाराष्ट्र में लोकसभा की तैयारियां तेज, बीजेपी सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र

Lok Sabha Election 2024: महाराष्ट्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि हमारे लिए यह चुनाव राष्ट्ररक्षा यज्ञ के समान है। हमें एक-एक वोटर्स तक पहुंचना है।

Aniket Gupta
Published on: 13 April 2024 3:00 PM GMT
Lok Sabha Election 2024
X

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते महाराष्ट्र बीजेपी चुनाव प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा

Lok Sabha Election 2024: विपक्ष अपनी चुनावी राजनीति के पराजय के अंतिम दौर में है। ये चुनाव उसके लिए करो या मरो की स्थिति जैसा है पर उसका असफल होना तय है। शरद पवार जैसे नेता के लिए तो यह सबसे बुरी हार का चुनाव है। जबकि उद्धव ठाकरे का राजनीति में सबकुछ समाप्त हो चुका है। उनकी पार्टी के सांसद, विधायक एवं कार्यकर्ता तक उनका साथ छोड़ गए हैं। अब वो पार्टी गुजरे जमाने की बात होने जा रही है। यह बात भिवंडी लोकसभा क्षेत्र में एक आयोजन के दौरान महाराष्ट्र के बीजेपी चुनाव प्रभारी, राज्यसभा सांसद व यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र

डॉ. दिनेश शर्मा ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देते हुए कहा कि ज्यादा दिखावे से बचना होगा और संपर्क की नींव मजबूत रखनी होगी। इस बार का चुनाव जनता लड़ रही है। लेकिन, कार्यकर्ताओं को उन क्षेत्रों में भी जाना होगा, जहां भाजपा का वोटर नहीं रहा है। इसमें अल्पसंख्यक क्षेत्र भी शामिल हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ मिला है। उन्होंने आगे कहा कि ये मोदी सरकार एवं भाजपा के साथ जुड़ने के लिए तैयार बैठे हैं। बस जरूरत है उनसे संपर्क करने की। महाराष्ट्र का चुनावी वातावरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पूरी तरह से मोदीमय हो चुका है।

हर एक वोटर जरूरी

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते डॉ. शर्मा

डॉ. शर्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जैसे लड़के की शादी में फूफा और बहनोई छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाते हैं और पूरा घर उन्हें सम्मान के साथ मनाता है। इसी तरह चुनावी राजनीति में किसी बात से नाराज एक भी व्यक्ति को मनाकर रखना होगा। उन्होंने आगे कहा कि इस बात का पुख्ता इंतजाम किया जाना चाहिए कि वोटिंग के दिन हर एक मतदाता घर से बाहर निकलें और मतदान करें। ऐसा करने पर ही जीत सुनिश्चित होगी। चुनावी मंत्र को लेकर उन्होंंने कहा कि इलेक्शन में जीत के लिए कोई एक मंत्र कभी भी कारगर नहीं होता है। बल्कि हर क्षेत्र के लिए वहां की परिस्थिति के अनुसार रणनीति तय करनी होती है। एक-एक वोट कीमती है और हर वोट को डालने का इंतजाम किया जाना चाहिए।

ये चुनाव राष्ट्ररक्षा यज्ञ के समान है: डॉ. शर्मा

डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि चुनाव में जीत के लिए गठबंधन के साथियों के वोटरों को अपने साथ जोड़ने का प्रयास करना होगा। ये चुनाव राष्ट्ररक्षा यज्ञ के समान है। इसमें अलग-अलग स्थान एवं अलग-अलग प्रकार से आहूति पड़ रही है। सुपर वॉरियर्स को बूथ पर व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखना है और चुनावी प्रचार के नए तरीके भी प्रयोग किए जाने चाहिए।

Aniket Gupta

Aniket Gupta

Senior Content Writer

Aniket has been associated with the journalism field for the last two years. Graduated from University of Allahabad. Currently working as Senior Content Writer in Newstrack. Aniket has also worked with Rajasthan Patrika. He Has Special interest in politics, education and local crime.

Next Story