×

UP BJP List: जौनपुर से कृपाशंकर सिंह को उतारा,1999 के बाद BJP को यहां नहीं मिली जीत, पूर्व IAS अभिषेक सिंह को करारा झटका

भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए कृपाशंकर सिंह को जौनपुर लोकसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 March 2024 5:24 PM GMT
जौनपुर से भाजपा के उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह (नरेंद्र मोदी के साथ)।
X
जौनपुर से भाजपा के उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह (नरेंद्र मोदी के साथ)। (Pic: Social Media)

Jaunpur BJP Candiadte 2024: भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए जारी 195 उम्मीदवारों की सूची में उत्तर प्रदेश के 51 चेहरे शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से घोषित उम्मीदवारों की सूची में एक उल्लेखनीय नाम कृपाशंकर सिंह का है जिन्हें जौनपुर लोकसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा गया है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले हैं और राजपूत बिरादरी से आते हैं। जौनपुर लोकसभा सीट पर भाजपा को 1999 के बाद आज तक जीत हासिल नहीं हुई है। ऐसे में पार्टी ने कृपाशंकर सिंह पर भरोसा जताते हुए बड़ा समीकरण साधने की कोशिश की है। कृपाशंकर सिंह को टिकट देने का ऐलान पूर्व IAS अभिषेक सिंह के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि वे भाजपा के टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे थे।

महाराष्ट्र की सियासत में बड़ा चेहरा

महाराष्ट्र की सियासत में कृपाशंकर सिंह कांग्रेस के बड़ा चेहरा माने जाते थे मगर उन्होंने 2019 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने जम्मू कश्मीर को लेकर कांग्रेस की नीतियों पर नाराजगी जताई थी और इसी कारण उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था। उनका इस्तीफा महाराष्ट्र में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना गया था क्योंकि उन्हें महाराष्ट्र में कांग्रेस का दिग्गज नेता माना जाता था। वे मुंबई के सांताक्रूज विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और इसके साथ ही उन्होंने 2008 से 2012 तक मुंबई कांग्रेस के चीफ पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

कांग्रेस छोड़कर 2021 में भाजपा में हुए शामिल

कांग्रेस से इस्तीफा देने के दो साल बाद 2021 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। भाजपा ने 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। बीजेपी ने उन्हें गुजरात के 10 जिलों का प्रभारी बनाया गया था। इन दस जिलों में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को करारा झटका दिया था। इसके अलावा बीजेपी ने उन्हें महाराष्ट्र में पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया था। अब उन्हें भाजपा की ओर से जौनपुर संसदीय सीट पर चुनाव मैदान में उतारा गया है।

जौनपुर के मूल निवासी हैं कृपा शंकर सिंह

कृपाशंकर सिंह का जन्म जौनपुर जिले में सदर तहसील क्षेत्र अंतर्गत सहोदरपुर में हुआ था। उनका जन्म 31 जुलाई 1950 को हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही जय हिंद इंटर कॉलेज से हुई। बाद में रोजी-रोटी की तलाश में कृपाशंकर सिंह मुंबई चले गए थे और मुंबई को ही उन्होंने अपना स्थायी ठिकाना बना लिया था। अब वे भाजपा उम्मीदवार के रूप में एक बार फिर जौनपुर लौटने वाले हैं।

1999 के बाद भाजपा को नहीं मिली जीत

जौनपुर संसदीय सीट पर फिलहाल बसपा का कब्जा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा उम्मीदवार श्याम सिंह यादव ने इस सीट पर भाजपा के कृष्ण प्रताप सिंह को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। पूर्वांचल में बड़ी जीत हासिल करने के बावजूद हाल के चुनावों में भाजपा जौनपुर सीट पर अपनी ताकत दिखाने में कामयाब नहीं हो सकी है। भाजपा को 1999 में जौनपुर सीट पर आखिरी जीत हासिल हुई थी जब पार्टी के उम्मीदवार स्वामी चिन्मयानंद ने यह सीट जीती थी। उसके 2004 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को इस सीट पर जीत हासिल हुई जबकि 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बसपा को इस सीट पर जीत मिली। ऐसे में भाजपा ने कृपाशंकर सिंह पर भरोसा जताते हुए जौनपुर का सियासी समीकरण साधने की कोशिश की है। सियासी जानकारों का मानना है कि कृपाशंकर सिंह के रूप में भाजपा ने मजबूत उम्मीदवार उतारा है और ऐसे में विपक्षी दलों की चुनौतियां बढ़ गई हैं।

पूर्व IAS अभिषेक सिंह को लगा झटका

जौनपुर में भाजपा उम्मीदवार के रूप में कृपाशंकर सिंह के नाम के ऐलान को पूर्व IAS अभिषेक सिंह के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। जौनपुर के सियासी हल्कों में इधर काफी दिनों से भाजपा की ओर से अभिषेक सिंह को चुनावी अखाड़े में उतारने की चर्चाएं थीं। बांदा की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के पति अभिषेक सिंह इधर काफी दिनों से जौनपुर में काफी सक्रिय थे। वे लोगों को राम मंदिर के दर्शन भी करवा रहे थे तो वहीं पुरस्कार में स्कूटी भी बांट रहे थे। उनकी ओर से चलाई गई कई योजनाओं ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। उनके भाजपा में शामिल न होने के बावजूद उन्हें टिकट का मजबूत दावेदार माना जा रहा था मगर जौनपुर में अब भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिए हैं।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story