×

Lok Sabha Election 2024 : पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा - ... 'एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा'

Lok Sabha Election 2024 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के ऐतिहासिक स्थल पुष्कर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

Rajnish Verma
Written By Rajnish Verma
Published on: 6 April 2024 10:56 AM GMT (Updated on: 6 April 2024 11:28 AM GMT)
PM Narendra Modi Speech
X

PM Narendra Modi (Photo - Social Media)

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान से पहले सियासत ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के ऐतिहासिक स्थल पुष्कर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले हर दिन अखबारों में या तो घोटालों की खबरें छपती थीं या आतंकी हमलों की खबरें आती थीं।, लेकिन 2014 से देश में एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता है। कांग्रेस ने न कभी गरीब की परवाह की और ना ही कभी वंचितों-शोषितों-युवाओं के बारे में सोचा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज ही के दिन 6 अप्रैल को ही बीजेपी की स्थापना हुई थी और ये संयोग देखिए कि आज ही मुझे पुष्कर क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला है। ब्रह्माजी तो निर्माता हैं और भाजपा भी नए भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। देश के इतिहास में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब देश के नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों का भविष्य तय करता है।

कांग्रेस ने स्वार्थ के कारण देश हित को पीछे छोड़ दिया

पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि आज याद ​कीजिए कि कितने दशकों तक हमारे देश में जोड़-तोड़ वाली सरकारें चलीं। गठबंधन की मजबूरियां और हर किसी के अपने स्वार्थ... इन सब में देश का हित पीछे छूट गया था। कांग्रेस के समय में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला... इन सभी का जीना मुश्किल हो गया था। कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतनी ही भ्रष्टाचारी पार्टी।

कांग्रेस के पास न सिद्धांत हैं और न ही नीतियां

पीएम मोदी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर सवाल उठाते हुए उसे झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र के हर पन्ने पर भारत के टुकड़े करने की बू आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में वही सोच झलकती है, जो सोच आजादी के समय मुस्लिम लीग में थी। मुस्लिम लीग के उस समय के विचारों को कांग्रेस आज भारत पर थोपना चाहती है। मुस्लिम लीग की छाप वाले इस घोषणा पत्र में जो बचा-कुचा हिस्सा था, उस पर वामपंथी हावी हो गए हैं। आज कांग्रेस के पास न सिद्धांत बचे हैं और न ही नीतियां बची हैं। ऐसा लग रहा है, कांग्रेस सब कुछ ठेके पर दे चुकी है, पूरी कांग्रेस पार्टी को आउट सोर्स कर चुकी है।

लूट की दुकान बंद होने से बौखलाया विपक्ष

पीएम मोदी ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का जिक्र किया और कहा कि ये बिल तीन दशक से लटका हुआ था, संसद से पास कराते हुए हमने माताओं-बहनों के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण पक्का कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर तीखा वार करते हुए कहा कि जनता के पैसों को लूटना ये लोग अपना खानदानी हक समझते थे। मोदी ने बीते 10 वर्षों में लूट की बीमारी का परमानेंट इलाज कर दिया है, जिससे इनकी लूट की दुकान बंद हो गई हैं। इसलिए ये बौखलाए हुए हैं।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story