×

Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने धोनी से की राहुल की तुलना, बताया फिनिशर

Lok Sabha Elections 2024 : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने आज (6 अप्रैल) मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुनाव रैली को संबोधित किया।

Rajnish Verma
Written By Rajnish Verma
Published on: 6 April 2024 5:07 PM GMT (Updated on: 6 April 2024 5:49 PM GMT)
rajnath singh speech
X

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह (Photo - Social Media)

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान की तारीख जितना नजदीक आ रही है, सियासी हमले उतनी तेज हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने आज (6 अप्रैल) मध्य प्रदेश के सीधी जिले में चुनाव रैली को संबोधित किया। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि उन्होंने कसम खाई है कि जब तक वह कांग्रेस को खत्म नहीं कर देंगे, तब तक वह नहीं रुकेंगे।

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उनकी तुलना क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी की। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी की तरह राहुल गांधी भी मैच को जल्दी खत्म करते हैं। एक समय ऐसा था, जब राजनीति में कांग्रेस का दबदबा था, लेकिन सिर्फ एक-दो राज्यों में ही उनकी सरकार बची है। उन्होंने कहा कि मुझे आश्चर्य होता है कि कांग्रेस का साथ ऐसा क्यों हो रहा है। उन्होंने जनता की ओर इंगित करते हुए पूछा कि क्रिकेट में सबसे अच्छा फिनिशर कौन है तो लोगों ने महेन्द्र सिंह धोनी का नाम लिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर उनसे कोई पूछेगा कि राजनीति में सबसे अच्छा फिनिशर कौन है तो मैं राहुल गांधी का ही नाम बताऊंगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कारण ही नेता कांग्रेस पार्टी को छोड़ रहे हैं।

कांग्रेस का भ्रष्टाचार से अटूट संबंध

उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार से अटूट नाता है, उनकी सरकारों पर हमेशा भ्रष्टाचार के आरोप लगे। पहले जब कांग्रेस की सरकार थी हर रोज मीडिया में घोटालों की खबरें आती थी, लेकिन अब जब से एनडीए सरकार आई है एक भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। मोदी सरकार के किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है।

मोदी सरकार में अर्थव्यवस्था हुई मजबूत

केंद्रीय मंत्री ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि एक साथ चुनाव होने से समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कह रही है वह एकदम विपरीत है। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने से देश का लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने सरकार की तारीफ करते हुए कि एनडीए सरकार में अर्थव्यवस्था पहले से मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को शीर्ष पांच में लगा दिया है, पहले 11वें स्थान पर थी। उन्होंने कहा कि 2027 में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में होगा।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story