×

सपा को नहीं है अपने उम्मीदवारों पर भरोसा! बार-बार प्रत्याशियों में फेरबदल की क्या है वजह?

Lok Sabha Election 2024: सपा ने कईं लोकसभा सीटों पर अपने घोषित उम्मीदवारों के टिकट में फेरबदल कर चुकी है। आज भी सपा ने बदायूं सीट पर उम्मीदवार बदल दिया। ऐसे में सवाल खड़े होते हैं कि क्या सपा को अपने उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं है?

Aniket Gupta
Published on: 14 April 2024 3:55 PM GMT
Lok Sabha Election 2024
X

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 

Lok Sabha Election 2024: मुरादाबाद में आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा थी, लेकिन सुबह से ही खराब मौसम के कारण अखिलेश जनसभा में नहीं पहुंच सके। वहीं जनसभा स्थल पर अखिलेश यादव को सुनने के लिए कार्यकर्ता मौजूद थे। सुबह से ही तेज बारिश के कारण अखिलेश यादव की आज की जनसभा रद्द हो गई। सपा उम्मीदवार रुचि वीरा ने भाजपा उम्मीदवार पर कई हमले किए। अब मुरादाबाद में अखिलेश का अगला दौरा 17 अप्रैल को प्रस्तावित है। बता दें, मुरादाबाद लोकसभा सीट पर पहले सपा ने सांसद एसटी हसन को टिकट दिया था। बाद में, बदल कर रुचि वीरा को टिकट दे दिया। आज अखिलेश यादव का कार्यक्रम रद्द होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। लोग इसको सपा के बार-बार टिकट बदलने के फैसले के साथ जोड़कर चुटकी ले रहे हैं।

सपा के उम्मीदवार बदलने पर आकाश आनंद ने कसा तंज

बता दें, सपा ने कई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बावजूद प्रत्याशी बदले। इसको लेकर कई नेताओं ने सपा पर तंज कसे। बसपा नेता आकाश आनंद ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो पार्टी नहीं चला सकते, वो सरकार क्या चलाएंगे। हालांकि, सपा के इस फैसले को लेकर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और सपा सांसद डिंपल यादव ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में अधिक से अधिक सीटें जीतने के लिए सपा रणनीति के तहत सीटों पर अपने उम्मीदवारों में फेरबदल कर रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि सपा हर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़कर जीत हासिल करेगी।

आइए, जानते हैं कि आखिर कौन-कौन सी सीटों पर सपा ने घोषित उम्मीदवारों के टिकट में फेरबदल की है।



मुरादाबाद: मुरादाबाद लोकसभा सीट पर भी सपा ने अपने उम्मीदवार बदले थे। सपा ने पहले मुरादाबाद से सांसद एसटी हसन को टिकट दिया था। एसटी हसन ने नामांकन भी करा लिया था। बाद में रुचि वीरा भी सपा की टिकट से पर्चा भरने पहुंची। और फिर सपा ने इस सीट से भी अपने घोषित उम्मीदवार को बदलते हुए रुचि वीरा को अपना उम्मीदवार बनाया। कयास लगाए जा रहे थे कि अखिलेश यादव ने आजम खां की नाराजगी को देखते हुए मुरादाबाद सीट से सांसद एसटी हसन का टिकट काटकर रुचि वीरा को मैदान में उतारा।



मेरठ: समाजवादी पार्टी ने मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से दो बार अपने उम्मीदवार बदले हैं। पहली बार सपा ने सुप्रीम कोर्ट के वकील भानु प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था। बाद में सपा ने टिकट बदलते हुए भानु प्रताप की जगह अतुल प्रधान को प्रत्याशी घोषित किया। अतुल प्रधान ने चुनाव के लिए नामांकन पर्चा भी भर दिया था। हालांकि, बाद में सपा ने उनका भी टिकट काट दिया। फिर उनकी जगह सुनीता वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया।



बदायूं: समाजवादी पार्टी ने पहले बदायूं सीट से धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया। लेकिन बाद में धर्मेंद्र यादव को हटाकर चाचा शिवपाल सिंह यादव को बदायूं से उम्मीदवार घोषित किया। और आज यानी रविवार देर शाम सपा हाईकमान ने इस सीट पर एक बार फिर बदलाव करते हुए शिवपाल यादव की जगह उनके बेटे आदित्य यादव को उम्मीदवार बनाया है।



बागपत: इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने नामांकन प्रक्रिया खत्म होने से एक दिन पहले उम्मीदवार बदल दिया। सपा ने पहले मनोज चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन, बाद में पार्टी ने टिकट में बदलाव करते हुए अमरपाल शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया।



गौतमबुद्धनगर: सपा ने पहले इस सीट से राहुल अवाना को प्रत्याशी के रूप में उतारा था। लेकिन बाद में फेरबदल करते हुए महेंद्र नागर को टिकट दिया गया।



मिश्रिख: सपा ने इस सीट पर भी दो बार उम्मीदवार बदले हैं। मिश्रिख लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने सबसे पहले पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। बाद में उम्मीदवार बदलते हुए उनके बेटे मनोज राजवंशी को प्रत्याशी घोषित किया गया। और एक बार फिर प्रत्याशी बदलते हुए इस सीट से मनोज राजवंशी की पत्नी और सीतापुर से जिला पंचायत सदस्य संगीता राजवंशी को टिकट दिया गया।

बिजनौर: सपा ने पहले इस सीट से यशवीर सिंह धोबी को प्रत्याशी बनाया था। फिर टिकटों में फेरबदल करते हुए सपा ने विधायक रामअवतार सैनी के बेटे दीपक सैनी पर भरोसा जताते हुए प्रत्याशी घोषित किया।



खजुराहो: लोकसभा चुनाव में राजनीतिक समीकरण को देखते हुए सपा ने मध्य प्रदेश की खजुराहो सीट पर भी प्रत्याशी बदला। इस सीट पर सपा ने पहले मनोज यादव को चुनावी मैदान में उतारा था। बाद में उनकी जगह निवाड़ी से पूर्व विधायक मीरा दीपनारायण यादव को टिकट दिया गया। हालांकि, मीरा यादव का नामंकन शुक्रवार को रद्द हो गया।



वाराणसी: इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर सहमती से सपा ने वाराणसी सीट से अपने प्रत्याशी का नाम वापस ले लिया। और यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई। सपा ने इस सीट से पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल को टिकट दिया था।

Aniket Gupta

Aniket Gupta

Senior Content Writer

Aniket has been associated with the journalism field for the last two years. Graduated from University of Allahabad. Currently working as Senior Content Writer in Newstrack. Aniket has also worked with Rajasthan Patrika. He Has Special interest in politics, education and local crime.

Next Story