×

Swara Bhaskar Marriage: एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने 4 साल छोटे सपा नेता से रचाई शादी, 40 दिन बाद किया खुलासा

Swara Bhasker Marriage: बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने शादी रचा ली है। उन्होंने शादी की जानकारी सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दी। उनके पति सपा नेता हैं।

aman
Written By aman
Published on: 16 Feb 2023 1:19 PM GMT (Updated on: 16 Feb 2023 1:21 PM GMT)
Swara Bhaskar Marriage:
X

Swara Bhaskar Marriage (Social Media)

Swara Bhaskar Marriage: अपने बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Actress Swara Bhaskar) ने शादी कर ली। अभिनेत्री ने अपने चाहने वालों के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। स्वरा भास्कर ने अपनी शादी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, 6 जनवरी को शादी की है। स्वरा के पति का नाम फहद अहमद (Fahad Ahmed) है। फहद समाजवादी पार्टी युवजन सभा के स्टेट प्रेसिडेंट हैं।

रांझणा, तनु वेड्स मनु फेम एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'कभी-कभी आप किसी चीज को खुद से दूर तलाशते हैं, लेकिन वो चीज आप सबके पास ही होती है। हम प्यार की तलाश कर रहे थे, लेकिन पहले हम दोस्त बने। और फिर हम दोनों एक-दूसरे को मिल गए। मेरे दिल में तुम्हारा स्वागत है फहद अहमद। ये अराजक है, लेकिन आपका है।' स्वरा ने आगे रेड हार्ट वाली इमोजी भी लगाई है।

कैसे शुरू हुई प्रेम-कहानी?

स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया है उसमें उनके और फहद अहमद दोनों के वीडियो क्लिप दिखाई दे रहे हैं। दोनों विरोध-प्रदर्शन और भाषण देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को देखकर यही अनुमान लगाया जा रहा है कि, दोनों की प्रेम-कहानी की शुरुआत विरोध-प्रदर्शनों के दौरान ही हुई थी। इसी वीडियो में आगे दिखता है कि व्हाट्सएप के जरिए फहद, स्वरा को मार्च 2020 में अपनी बहन की शादी में आने की दावत दे रहे हैं। इस पर स्वरा कहती हैं, 'यार मजबूर हूं, शूट से नहीं निकल पाऊंगी। इस बार माफ करो दोस्त। कसम है तुम्हारी शादी में जरूर आऊंगी।' मगर, अब स्वरा भास्कर ने फहद अहमद से ही शादी रचा ली।


'हम ज्यादा इंतजार नहीं कर सके'

स्वरा भास्कर द्वारा शेयर वीडियो में वो फहद के साथ कई तस्वीरों में दिखाई दे रही हैं। वीडियो में ये भी कहा गया है कि हम लोग ज्यादा इंतजार नहीं कर सके। फिर 6 जनवरी को हमने कोर्ट पेपर्स जमा किए। वीडियो के अंत में लिखा आता है, 'हमेशा के लिए'।

फहद ने किया वीडियो को रीट्वीट

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने महाराष्ट्र में समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष और सामाजिक कार्यकर्ता फ़हद जिरार अहमद (Fahad Zirar Ahmad) से शादी रचाई है। फ़हद ने भी स्वरा के वीडियो को रीट्वीट करते हुए अपनी विशेष टिप्पणी लिखी। फहद ने उन्हें शुक्रिया अदा किया।

जानें कौन हैं फहद अहमद?

फहद अहमद समाजवादी पार्टी की युवा इकाई के महाराष्ट्र और मुंबई के अध्यक्ष हैं। फहद का जन्म फरवरी 1992 में हुआ था। ये मूलतः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं। फहद अहमद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने एमफिल टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ़ सोशल साइंस (TISS) से किया। जिसके बाद वो राजनीति में कूद पड़े। फहद ने TISS स्टूडेंट यूनियन के महासचिव के रूप में भी काम किया है।



aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story