×

Reality Shows Facts: भारत में कब और कैसे शुरू हुआ रियलिटी शो का दौर?

Reality Shows Facts: 'बिग बॉस' से लेकर 'झलक दिखला जा' जैसे रियलिटी शोज भारत में काफी लोकप्रिय हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं इंडिया में इन रियलिटी शोज की शुरुआत कैसे हुई? आइए हम आपको बताते हैं।

Ruchi Jha
Written By Ruchi Jha
Published on: 15 Feb 2024 4:45 AM GMT
Reality Shows Facts
X

Reality Shows Facts (Image Credit: Social Media)

Reality Shows Facts: पिछले कुछ सालों से भारत में रियलिटी शोज का चलन काफी बढ़ गया है। 'बिग बॉस' (Bigg Boss) से लेकर 'झलक दिखला जा' (Jhalak Dikhhla Jaa) जैसे रियलिटी शोज भारत में काफी लोकप्रिय हैं। बॉलीवुड इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सेलेब्स भी रियलिटी शोज के माध्यम से टीवी इंडस्ट्री में अपना डेब्यू कर रहे हैं। पिछले 15 सालों से सलमान खान (Salman Khan) कलर्स टीवी के मोस्ट कंट्रोवर्शियल शो 'बिग बॉस' को होस्ट कर रहे हैं। दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) पिछले कई सालों से रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' को होस्ट कर रहे हैं। इसी तरह से कई फिल्मी सितारें रियलिटी शोज के माध्यम से छोटे पर्दे पर भी अपनी जगह बना रहे हैं, लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर भारत में इन रियलिटी शोज की शुरुआत कैसे हुई? भारत में प्रसारित होने वाला पहला रियलिटी शो कौन-सा था? आइए आज हम आपको इस आर्टिकल में इसकी विस्तार से जानकारी देते हैं।

दुनिया में कब हुई रियलिटी शोज की शुरुआत?

भारत में रियलिटी शो की शुरुआत कब हुई (India Main Reality Show Kab Shuru Hua Tha)? इसके बारे में जानने से पहले हम यह जानेंगे कि दुनिया में रियलिटी शो की शुरुआत कब और कैसे हुई? दरअसल, दुनिया में रियलिटी शो की शुरुआत 1948 में हुई थी। दुनिया का पहला रियलिटी शो 'कैंडिड कैमरा' माना जाता है। इसकी शुरुआत 1947 में रेडियो से हुई थी, लेकिन इसकी बढ़ती लोकप्रियता के बाद इसका टीवी संस्करण लाया गया। इस शो में हिस्सा लेने वाले प्रतियोगियों के सामने उसके पसंदीदा क्रिकेटर या मशहूर हस्ती को लाकर उसकी प्रतिक्रिया ली जाती थी।


भारत में कब हुई रियलिटी शोज की शुरुआत?

दुनिया के कई देशों में जब रियलिटी शोज का प्रसारण हो रहा था, तब 1972 में रियलिटी शो का कॉन्सेप्ट भारत में आया और इसकी शुरुआत 'जी टीवी' पर आने वाले 'बॉर्नविटा क्विज प्रतियोगिता' से हुई थी। इस शो को डेरेक ओ ब्रायन ने होस्ट किया था। हालांकि, बाद में शो रेडियो पर आने लगा था। इसके बाद 1995 में सिंगिंग शो 'सा रे गा मा पा' (Reality Show Sa Re Ga Ma Pa) से गायकों को एक मंच मिला, जिसे सोनू निगम (Sonu Nigam) ने होस्ट किया था। इसके बाद 1996 में आया जावेद जाफरी का 'बूगी वूगी', जो भारत का पहला डांस रियलिटी शो बना।


भारत में कैसे बढ़ी रियलिटी शो की लोकप्रियता?

1972 से शुरू हुआ रियलिटी शो का दौर तब चर्चा में आया, जब साल 2000 में अमिताभ बच्चन के रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (Kaun Banega Crorepati) ने छोटे पर्दे पर दस्तक दी थी। भारत में ये शो देखते ही देखते काफी लोकप्रिय हो गया और सबका चहेता शो बन गया। ये शो लोगों को पैसे जीतने में मदद तो करता ही था, इसी के साथ इस शो से ज्ञान भी बढ़ता था। इसके बाद साल 2004 में सिंगिंग शो 'इंडियन आइडल' (Indian Idol) की शुरुआत हुई जिसने बॉलीवुड इंडस्ट्री को कई मशहूर गायक दिए और ये शो आज भी काफी ज्यादा लोकप्रिय है।


'बिग बॉस' ने जीता लोगों का दिल

साल 2004 तक भारत में रियलिटी शो की लोकप्रियता काफी ज्यादा बढ़ गई थी, लेकिन कमाल तो तब हुआ जब साल 2006 में टीवी पर 'बिग बॉस' का प्रसारण हुआ। 'बिग बॉस' जॉन डी मोल जूनियर द्वारा बनाया गया एक डच रियलिटी शो 'बिग ब्रदर' (Big Brother) का हिंदी वर्जन है, जिसे पहली बार 1999 में नीदरलैंड में प्रसारित किया गया और बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंडिकेट किया गया। 'बिग ब्रदर' में "हाउसमेट्स" या "हाउसगेस्ट्स" नामक प्रतियोगी शामिल होते हैं, जो एक विशेष रूप से निर्मित घर में एक साथ रहते हैं और बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट जाते हैं। घर में रहने के दौरान लाइव टेलीविजन कैमरों के साथ-साथ ऑडियो माइक्रोफोन द्वारा घर के सदस्यों पर दिन-रात लगातार निगरानी रखी जाती है। हर हफ्ते 1-2 प्रतियोगियों को घर से बाहर कर दिया जाता है। अंत में उसे विजेता घोषित किया जाता है, जिसे सबसे ज्यादा वोट मिलते हैं। 'बिग बॉस' का कंटेंट भी सेम है। 'बिग बॉस' के अब तक 17 सीजन प्रासरित हुए हैं। हालांकि, चौथे सीजन से इस रियलिटी शो को सलमान खान होस्ट कर रहे हैं।


कितने प्रकार के होते हैं रियलिटी शो?

सिंगिंग और डांसिंग के अलावा भी रियलिटी शोज कई प्रकार के होते हैं। पिछले कई सालों से टीवी पर कई तरह के रियलिटी शोज प्रासरित किए जा रहे हैं। इनमें 'कौन बनेगा करोड़पति', 'दस का दम', 'खतरों के खिलाड़ी' (Khatron Ke Khiladi), डेटिंग शो 'स्पिलिट्सविला' (MTV Splitsvilla), कुकिंग शो 'मास्टर शेफ' (MasterChef) और 'डांस इंडिया डांस' (Dance India Dance), 'सुपर डांसर', 'नच बलिए' और 'झलक दिखला जा' जैसे शोज शामिल हैं।


इन विदेशी शोज से प्रेरित हैं भारतीय रियलिटी शोज

आपने अक्सर देखा होगा कि बॉलीवुड की ज्यादातर फिल्में हॉलीवुड या फिर साउथ फिल्मों की कॉपी होती है। ऐसे ही भारत के कुछ रियलिटी शोज भी विदेशी शोज से प्रेरित हैं। 'बिग बॉस' कॉन्सेप्ट विदेशी शो 'बिग ब्रदर' से आया था। 'इंडियाज गॉट टैंलेंट', 'अमेरिका गॉट टैलेंट' से प्रेरित है। इसके अलावा 'खतरों के खिलाड़ी', 'फीयर फैक्टर', 'झलक दिखला जा' और 'शार्क टैंक भारत' जैसे शोज का कॉन्सेप्ट भी इसी नाम से बने विदेशी शो से लिया गया है।


रियलिटी शोज से इंडस्ट्री को मिले ये मशहूर सितारे

बॉलीवुड को रियलिटी शोज से अब तक कई सितारे मिले हैं, जो आज काफी मशहूर हैं। बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। वह रियलिटी शो 'MTV रोडीज 2' के विजेता रहे थे। गायिका सुनिधि चौहान (Sunidhi Chauhan) ने DD नेशनल पर आने वाले शो 'मेरी आवाज सुनो' को जीता था। इसी तरह अरिजीत सिंह (Arijit Singh), नेहा कक्कड़ (Neha Kakkar), नीति मोहन और राहुल वैद्य जैसे शानदार गायक भी इंडस्ट्री को रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' से मिले हैं। इसके अलावा राघव जुयाल, रणविजय सिंह, धर्मेश सिंह, शक्ति मोहन जैसे कई सितारें भी रियलिटी शोज के माध्यम से फेमस हुए हैं।


कैसे होता है रियलिटी शोज में प्रतियोगियों का चयन?

हर रियलिटी शो के लिए प्रतियोगियों को चुनने की प्रक्रिया थोड़ी अलग होती हैं। 'बिग बॉस', 'नच बलिए' और 'झलक दिखला जा' जैसे शो में ऐसे सितारों को लिया जाता है, जिनकी फैन फॉलोइंग अच्छी हो और अक्सर किसी न किसी कारण से लाइमलाइट में बने रहते हों। इसके अलावा डांसिंग और सिंगिंग शो के लिए ऑडिशन लिए जाते हैं, जिसके कई राउंड पार करने के बाद ही प्रतियोगी शो का हिस्सा बन पाते हैं।


रियलिटी शोज से होती है मोटी कमाई

रियलिटी शोज केवल ऑडियंस का मनोरंजन ही नहीं करती है, बल्कि इन शोज को बनाने वाले प्रोड्यूसर्स और चैनल इससे काफी मोटी कमाई भी करते हैं। कोई भी रियलिटी शोज आधे से एक घंटे का होता है। ऐसे में अगर आप आधे घंटे का शो देखते हैं, तो उस ड्यूरेशन में चैनल और प्रोड्यूसर्स 50 लाख से 1 करोड़ तक की कमाई कर लेता है। दरअसल, चैनल शोज के लिए प्रोडक्शन हाउस को पैसे देता है। हालांकि, यह उस रियलिटी शो की TRP पर निर्भर करता है। यानी कि जिस शो की TRP जितनी हाई होगी, उसकी कमाई के चांस उतने ही बढ़ जाते हैं। यही कारण है कि कभी-कभी रियलिटी शोज में काफी इमोशनल ड्रामा देखने को मिलता है ताकि दर्शक शो से जुड़े रहे।


भारत में कितने सिंगिंग रियलिटी शोज हैं?

  • इंडियन आइडल (Indian Idol)
  • सा रे गा मा पा (Sa Re Ga Ma Pa)
  • द वॉयस इंडिया (The Voice India)
  • दिल है हिंदुस्तानी (Dil Hai Hindustani)
  • सुपरस्टार सिंगर (Superstar Singer)
  • राइजिंग स्टार (Rising Star)
  • द स्टेज (The Stage)

भारत में कितने डांस रियलिटी शोज हैं?

  • बूगी वूगी (Boogie Woogie)
  • नच बलिए (Nach Baliye)
  • झलक दिखला जा (Jhalak Dikhhla Jaa)
  • डांस इंडिया डांस (Dance India Dance)
  • डांस दीवाने (Dance Deewane)
  • सुपर डांसर (Super Dancer)
  • इंडियाज़ बेस्ट डांसर (India's Best Dancer)

भारत के फेमस रियलिटी शोज कौन हैं? (India Biggest Reality Show)

  • कौन बनेगा करोड़पति (Kaun Banega Crorepati)
  • बिग बॉस (Bigg Boss)
  • खतरों के खिलाड़ी (Khatron Ke Khiladi)
  • झलक दिखला जा (Jhalak Dikhhla Jaa)
  • इंडियन आइडल (Indian Idol)
Ruchi Jha

Ruchi Jha

Senior Content Writer

पत्रकारिता क्षेत्र में मुझे लगभग 3 साल का अनुभव है, जिसमें मैंने बहुत कुछ सीखा है और अभी भी बहुत कुछ सीखना बाकी है। शुरुआत से ही बॉलीवुड जगत से मुझे बहुत लगाव था। लिखने और कहानी गढ़ने का शौक शुरु से ही था, जिसकी चाह में मैंने हिंदी पत्रकारिता और जनसंचार/मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन और मास्टर्स डिप्लोमा हासिल किया। अब मैं अपने सपने को पूरा करने के लिए 'NewsTrack' के साथ जुड़ी हुई हूं, यहां मैं मनोरंजन जगत से जुड़ी सभी जानकारी के बारे में लिखती हूं।

Next Story