×

Bappi Lahiri: गोल्डमैन बप्पी दा के पास था बेशुमार सोना, खुद किया था खुलासा

Goldman Bappi Lahiri: बप्पी दा से लोग हमेशा उनके सोना पहनने के शौक के बारे में सवाल जरूर पूछा करते थे। बप्पी दा ने खुद एक बार इंटरव्यू में अपने सोना पहनने के शौक के बारे में बड़ा खुलासा किया था।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shreya
Published on: 16 Feb 2022 5:43 AM GMT
Bappi Lahiri: गोल्डमैन बप्पी दा के पास था बेशुमार सोना, खुद किया था खुलासा
X

गोल्डमैन बप्पी लहरी (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Goldman Bappi Lahiri: बॉलीवुड की दुनिया में डिस्को संगीत को बुलंदी पर पहुंचाने वाले प्रसिद्ध गायक और संगीतकार बप्पी लहरी (Bappi Lahiri) नहीं रहे। मुंबई के एक अस्पताल में आज उनका निधन हो गया। 69 वर्षीय बप्पी लहरी के निधन की खबर से संगीत प्रेमी शोक में डूब गए हैं। अभी हाल में स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन के बाद आज बप्पी लहरी के निधन की खबर ने संगीत प्रेमियों को झकझोर दिया।

बप्पी लहरी पिछले साल कोरोना से संक्रमित (Corona Positive) हो गए थे मगर बाद में उनके स्वास्थ्य में सुधार हो गया था। बप्पी लहरी अपने संगीत के साथ ही सोना पहनने के अंदाज को लेकर भी काफी मशहूर थे। लोग हमेशा यह जानने को उत्सुक रहते थे कि आखिर बप्पी दा इतना सोना क्यों पहनते हैं। बप्पी दा ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि अमेरिकी पॉप स्टार एल्विस प्रेस्ली से प्रभावित होकर उन्होंने सोना पहनने की शुरुआत की थी।

बप्पी लहरी (फोटो साभार- इंस्टाग्राम)

अमेरिकी पॉप गायक से प्रभावित

बप्पी लहरी के गाने और संगीत का बिल्कुल अलग अंदाज था और 1980 और 1990 के दशक में उन्होंने अपने गाने और म्यूजिक से संगीत प्रेमियों को अपना दीवाना बना लिया था। वे स्टेज पर भी बिल्कुल अलग अंदाज में अपना कार्यक्रम प्रस्तुत किया करते थे और उनके गाने और म्यूजिक पर संगीत प्रेमी कार्यक्रम में ही नाचने लगा करते थे। बप्पी लहरी को सोना (Bappi Lahiri Gold) पहनने का काफी शौक था और उनका सोना पहनने का यह शौक मीडिया में हमेशा चर्चा में बना रहा।

बप्पी दा से लोग हमेशा उनके सोना पहनने के शौक के बारे में सवाल जरूर पूछा करते थे। बप्पी दा ने खुद एक बार इंटरव्यू में अपने सोना पहनने के शौक के बारे में बड़ा खुलासा किया था। उनका कहना था कि वे अमेरिकी पॉप गायक एल्विस प्रेस्ली (Elvis Presley) से काफी ज्यादा प्रभावित थे। एल्विस अपने कॉन्सर्ट के दौरान सोने की मोटी चेन (Bappi Lahiri Gold Chain) पहना करते थे। बप्पी दा का कहना था कि उन्हें देखकर ही उनके मन में भी सोना पहनने का शौक जगा।

बप्पी दा (फोटो साभार- इंस्टाग्राम)

सोना पहनने को मानते थे लकी

बप्पी लहरी का कहना था कि प्रेस्ली को देखकर मैं सोचा करता था कि जब मैं भी मशहूर हो जाऊंगा तो इसी तरह सोना पहना करूंगा। इसके साथ ही बप्पी दा के सोना पहनने के शौक का एक और कारण भी था। दरअसल वे सोना पहनने को अपने लिए काफी लकी माना करते थे। यह बात उनके साथ सच भी साबित हुई थी क्योंकि सोना पहनने की शुरुआत करने के बाद उन्हें बॉलीवुड की दुनिया में काफी प्रसिद्धि मिली। एक दौर वो भी था जब देश के युवा उनके गानों पर जी भरकर झूमा करते थे।

पत्नी के पास ज्यादा सोना-चांदी

बप्पी दा ने 2014 में भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव (Bappi Lahiri Political Career) भी लड़ा था। उस चुनाव के दौरान अपने चुनावी हलफनामे में बप्पी दा ने बताया था कि जितना सोना वे पहनते हैं, उससे ज्यादा सोना उनकी पत्नी के पास है। उस हलफनामे (Bappi Lahiri Affidavit) में बप्पी दा ने अपने पास 754 ग्राम सोना और 4.62 किलो चांदी होने की बात बताई थी। अपनी पत्नी के पास उन्होंने 967 ग्राम सोना और 8.9 किलोग्राम चांदी होने की बात बताई थी। इससे समझा जा सकता है कि सोने का शौक सिर्फ बप्पी लहरी को ही नहीं था बल्कि उनकी पत्नी को भी सोने और चांदी का काफी शौक रहा है।

पिछले साल बप्पी दा के अस्वस्थ होने पर उनकी आवाज खो जाने की अफवाह (Bappi Lahiri Rumors) उड़ गई थी। इसके बाद बप्पी दा ने इस तरह की अफवाहों का पूरी तरह खंडन किया था। उनका कहना था कि अपने शुभचिंतकों और फैंस के आशीर्वाद की वजह से मैं पूरी तरह अच्छा हूं। बुधवार की सुबह उनके निधन की खबर पाकर पूरी दुनिया में फैले उनके फैंस को करारा धक्का लगा है।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story