×

Har Har Mahadev Movie: क्या है हर हर महादेव फिल्म का विवाद, जानिये सब कुछ यहां

Har Har Mahadev Movie: मराठी फिल्म ‘हर हर महादेव’ में मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के सेनापति बाजी प्रभु देशपांडे की कहानी दिखाई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 8 Nov 2022 11:04 AM GMT
Har Har Mahadev Controversy
X

Har Har Mahadev Controversy। (Social Media)

Har Har Mahadev Controversy: ऐतिहासिक किरदारों के ईद-गिर्द जब कभी किसी फिल्म की कहानी बुनी गई है, तगड़ा बवाल हुआ है। किरदार के किसी खास धर्म या जाति से जुड़े होने के कारण मामला राजनीतिक होने में देर नहीं लगता। जोधा अकबर से लेकर बाजीराव मस्तानी, पद्मावती तक ऐसी फिल्मों की फेहरिस्त लंबी है, जिसे लेकर खूब बवाल हुआ। महाराष्ट्र में इन दिनों एक ऐसी ही फिल्म पर हंगामा बरपा हुआ है। मराठी फिल्म 'हर हर महादेव' को लेकर जाती विशेष के लोग भड़के हुए हैं।

उनकी नाराजगी की आग में अपनी सियासी रोटी सेंकने के लिए राजनीतिक दल भी कूद पड़े हैं। कुछ मराठा सामाजिक संगठन और एनसीपी के नेताओं ने पुणे और ठाणे में फिल्म दिखाने वाले सिनेमाघरों में घुसकर मारपीट की। ठाणे के एक सिनेमाघर में सीनियर एनसीपी लीडर और पूर्व मंत्री जीतेंद्र अव्हाड ने फिल्म देखने आए एक शख्स की पिटाई कर दी। वहीं, पुणे के एक सिनेमाघर में संभाजी ब्रिगेड के लोगों ने फिल्म को चलने नहीं दिया।

क्यों मचा है बवाल

मराठी फिल्म 'हर हर महादेव' में मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के सेनापति बाजी प्रभु देशपांडे की कहानी दिखाई है। इतिहास के पन्नों में देशपांडे का नाम एक महान योद्धा के रूप में दर्ज है। जिन्होंने मराठा साम्राज्य की तरफ से मात्र 300 सैनिकों के साथ 12 हजार बीजापुरी सैनिकों का मुकाबला किया था। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है फिल्म में शिवाजी महाराज का चित्रण गलत तरीके से किया गया है। जिससे वे आहत हैं।

शिवाजी महाराज के वंशज ने भी दी चेतावनी

शिवाजी महाराज के वंशज और पूर्व राज्यसभा सांसद संभाजी छत्रपति ने 'हर हर महादेव' के साथ – साथ एक और अपकमिंग मराठी मूवी 'वेदत मराठे वीर दौडले सात' का भी विरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि सिनेमाई आजादी की आड़ में शिवाजी महाराज के इतिहास का गलत चित्रण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बता दें कि 'वेदत मराठे वीर दौडले सात' फिल्म में बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार शिवाजी महाराज का किरदार निभाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन महेश मांजरेकर करेंगे।

'हर हर महादेव' फिल्म की हो रही तारीफ

'हर हर महादेव' फिल्म को लेकर जहां सड़कों पर बवाल मचा हुआ है लेकिन थिएटर में इसे काफी सराहा जा रहा है। आलोचक और दर्शक दोनों फिल्म को पसंद कर रहे हैं। फिल्म की कहानी के अलावा स्टारकास्ट के प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ हो रही है। फिल्म को अभिजीत देशपांडे ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में सुबोध भावे ने छत्रपति शिवाजी महाराज का रोल प्ले किया है। वहीं, मुख्य किरदार बाजी प्रभु देशपांडे का रोल बॉलीवुड में अपना स्थान बना चुके शरद केलकर ने अदा किया है। फिल्म को मराठी के अलावा हिंदी समेत अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज किया गया है। 25 अक्टूबर को रिलीज हुई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story